कोटा में ब्राह्मण समाज की सामाजिक एकजुटता और युवाओं को वैवाहिक संबंधों के लिए मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विप्र फाउंडेशन की ओर से 16वां विशाल अन्नकूट महोत्सव एवं राष्ट्रीय स्तर का युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन आगामी 20 दिसंबर (रविवार) को मंगलेश्वरी गार्डन, रंगबाड़ी रोड, कोटा में होगा। कार्यक्रम का आयोजन विप्र फाउंडेशन के तत्वावधान में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भुवनेश्वर शर्मा (चच्चू भैया) के निर्देशन में किया जाएगा।

विप्र फाउंडेशन के प्रदेश प्रवक्ता रमेश चंद्र गौतम ने बताया कि यह आयोजन ब्राह्मण समाज की पारंपरिक गरिमा और सांस्कृतिक उल्लास के साथ सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का माध्यम बनेगा। साथ ही युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराएगा। आयोजन को लेकर समाजबंधुओं में उत्साह है और संस्था की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

सम्मेलन के दौरान पंजीकृत युवक-युवतियों के संपूर्ण विवरण वाली विशेष परिचय पुस्तिका का विमोचन किया जाएगा। इस पुस्तिका के माध्यम से कार्यक्रम के बाद भी समाज के लोग योग्य वैवाहिक रिश्तों के लिए एक-दूसरे से संपर्क कर सकेंगे। आयोजन में छप्पन भोग, भजन संध्या और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे। इसके साथ ही आगंतुकों के लिए नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर लगाया जाएगा।

इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से विप्र समाज के प्रबुद्धजन, पदाधिकारी और चिंतनशील नागरिक शामिल होंगे। कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज की राष्ट्रीय एकता, भावी दिशा और दशा तथा सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर विचार-मंथन किया जाएगा।

रमेश चंद्र गौतम ने बताया कि विप्र फाउंडेशन के माध्यम से पूर्व में भी सैकड़ों सफल वैवाहिक संबंध स्थापित हो चुके हैं। इस बार भी आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। अन्नकूट महोत्सव, परिचय सम्मेलन, धार्मिक आयोजन और सामाजिक संवाद के माध्यम से यह कार्यक्रम समाज को एक मंच पर जोड़ने का प्रयास करेगा।

Tags: