कोटा दशहरा मेले में लोगों के लिए मुफ्त प्राथमिक उपचार की व्यवस्था, अब तक 300 से अधिक को मिली चिकित्सा सुविधा
कोटा के दशहरा मेले में आॅल स्टूडेंट्स वेलफेयर सोसायटी लगातार चौथे वर्ष निशुल्क प्राथमिक चिकित्सा और जल सेवा दे रही है। एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के सहयोग से दोपहर 3 बजे से देर रात तक मेडिकल स्टाफ तैनात है। अब तक 300 से अधिक लोगों को उपचार मिल चुका है।
कोटा के दशहरा मेले में ऑल स्टूडेंट्स वेलफेयर सोसायटी द्वारा निशुल्क प्राथमिक चिकित्सा शिविर लगाया गया।
कोटा के दशहरा मेले में उमड़ रही भीड़ के बीच स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर आॅल स्टूडेंट्स वेलफेयर सोसायटी (एएसडब्ल्यूएस) सामाजिक सरोकार निभा रही है। मेले में रोजाना बड़ी संख्या में हाड़ौती सहित अन्य क्षेत्रों से पहुंच रहे लोगों को संस्था की ओर से निशुल्क प्राथमिक चिकित्सा और जल सेवा उपलब्ध करवाई जा रही है। इस वर्ष अब तक 300 से अधिक लोगों को प्राथमिक उपचार दिया जा चुका है।
सोसायटी के अध्यक्ष मुकेश सारस्वत ने बताया कि संस्था लगातार चौथे वर्ष यह सेवा कार्य कर रही है। सोसायटी के संस्थापक अध्यक्ष एवं संरक्षक डॉ. नवीन माहेश्वरी के निर्देशानुसार मेले में आमजन की सुविधा के लिए यह व्यवस्था की गई है। एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के सहयोग से दोपहर 3 बजे से देर रात तक मेडिकल स्टाफ तैनात रहता है, जो जरूरतमंद लोगों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाता है।
प्राथमिक चिकित्सा केंद्र पर लोगों की सुविधा के लिए पलंग, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, जांच के विभिन्न उपकरण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। यहां आने वाले लोगों के ब्लड प्रेशर की जांच की जाती है। मेले में घूमने के दौरान किसी को हल्की-फुल्की चोट लगने पर दवा और प्राथमिक उपचार दिया जाता है। इसके अलावा चक्कर आने या कमजोरी महसूस होने पर भी आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाई जाती है।
मेले में लगातार बढ़ रही लोगों की आवाजाही के बीच आॅल स्टूडेंट्स वेलफेयर सोसायटी की यह पहल जरूरत के समय आमजन को मौके पर ही निशुल्क प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।