कोटा के 133वें राष्ट्रीय दशहरा मेला 2026 में सोमवार की शाम दर्शकों के लिए मनोरंजन से भरपूर रहने वाली है। मेले में मोशन एजुकेशन ग्रुप के विशेष सहयोग से आयोजित कॉमेडी शो में देश के जाने-माने स्टैंड अप कॉमेडियन रवि खुराना और गौरव महाना अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को हंसाएंगे। इसके साथ ही बाल प्रतिभा कार्यक्रम भाग-2 और दाढ़ी-मूंछ प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा।

महापौर अनुसूईया गोस्वामी ने बताया कि मेले की सांस्कृतिक श्रृंखला के तहत सोमवार रात्रि 8:30 बजे कॉमेडी शो आयोजित होगा। इसमें स्टैंड अप कॉमेडियन रवि खुराना और गौरव महाना अपनी कॉमिक टाइमिंग और चुटीले अंदाज से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। दोनों कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के जरिए दर्शकों को हंसा-हंसाकर लोटपोट करेंगे।

बाल प्रतिभाओं और पारंपरिक दाढ़ी-मूंछों का होगा प्रदर्शन

कॉमेडी शो से पहले शाम 6 बजे से दर्शकों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन शुरू होगा। इस दौरान बाल प्रतिभा कार्यक्रम भाग-2 में नन्हे-मुन्ने बच्चे अपनी कला, नृत्य और बहुमुखी प्रतिभा की प्रस्तुतियां देंगे।

बाल प्रतिभा कार्यक्रम के तुरंत बाद राजस्थान की पारंपरिक शान और संस्कृति को दर्शाने वाली दाढ़ी-मूंछ प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें प्रतिभागी अपनी अनूठी और रौबीली दाढ़ी-मूंछों का प्रदर्शन करेंगे, जिसे देखकर दर्शक अचंभित होंगे।

राष्ट्रीय दशहरा मेला 2026 की सांस्कृतिक श्रृंखला में कॉमेडी शो, बाल प्रतिभा कार्यक्रम और दाढ़ी-मूंछ प्रतियोगिता के आयोजन से सोमवार की शाम दर्शकों को मनोरंजन के अलग-अलग रंग देखने को मिलेंगे।

Tags: