कोटा विश्वविद्यालय में अखबार से बनी पोशाकें पहने छात्रों और शिक्षकों का समूह।

कोटा। कोटा विश्वविद्यालय के पर्यटन एवं आतिथ्य विभाग में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, नवाचार और पर्यावरण संरक्षण की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वेस्ट न्यूजपेपर से पोशाक निर्माण गतिविधि आयोजित की गई। कबाड़ समझे जाने वाले पुराने समाचार पत्रों से विद्यार्थियों ने आकर्षक पोशाकें तैयार कर अपनी कल्पनाशीलता का परिचय दिया।

गतिविधि में विद्यार्थियों ने पोशाक निर्माण के लिए केवल पेपर, सेलोटेप और कैंची का इस्तेमाल किया। विभागाध्यक्ष प्रो. अनुकृति शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों ने पुराने समाचार पत्रों से युगांडा की पारंपरिक पोशाक, मिस्र की पोशाक तथा होटल में कार्यरत शेफ की वेशभूषा तैयार की। विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई पोशाकों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

इस गतिविधि में एमटीटीएम प्रथम वर्ष, एमटीटीएम तृतीय सेमेस्टर, पीजी डिप्लोमा इन मेडिकल टूरिज्म तथा पीजी डिप्लोमा इन इवेंट मैनेजमेंट के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कुलगुरु प्रो. भगवती प्रसाद सारस्वत ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनकी रचनात्मकता की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां केवल वेस्ट न्यूजपेपर के पुन: उपयोग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों को नई सोच और रचनात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करती हैं। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों के अभिभावकों तक भी पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के बेहतर उपयोग का सकारात्मक संदेश पहुंचता है।

प्रतियोगिता में विनोद कुमार परवानी (पीजी डिप्लोमा इन मेडिकल टूरिज्म) ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। दिवाकर जाटव (पीजी डिप्लोमा इन इवेंट मैनेजमेंट) द्वितीय, दिव्यांशी गोचर (एमटीटीएम, तृतीय सेमेस्टर) तृतीय तथा प्रत्यक्षा शर्मा (एमटीटीएम, तृतीय सेमेस्टर) चतुर्थ स्थान पर रहीं। पुराने समाचार पत्रों के पुन: उपयोग से तैयार इन पोशाकों ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा के साथ पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के बेहतर उपयोग का संदेश भी सामने रखा।

Tags: