कोटा में एसएसआई की दिवाली पार्टी में बॉलीवुड सितारों का जलवा, 1800 लोगों ने लिया हिस्सा
मुकुंदरा सरोवर में आयोजित भव्य दीपावली मिलन समारोह में बॉलीवुड कलाकारों के डुप्लीकेट और आरम्भ बैंड की लाइव परफॉर्मेंस ने बांधा समां।
कोटा के मुकुंदरा सरोवर में आयोजित एसएसआई एसोसिएशन के दीपावली मिलन समारोह में मंच पर सदस्य उपस्थित हैं।
कोटा में एसएसआई एसोसिएशन का भव्य दीपावली मिलन समारोह ‘ये दिवाली सितारों वाली’ मुकुंदरा सरोवर में आयोजित हुआ। बॉलीवुड की चकाचौंध, लाइव म्यूजिक, डांस और मनोरंजन से सजी इस शाम में 1500 से 1800 लोगों की मौजूदगी रही। आरम्भ बैंड की लाइव परफॉर्मेंस और बॉलीवुड सितारों के डुप्लीकेट कलाकारों ने समारोह को खास बना दिया। एसोसिएशन के सदस्यों और उनके परिवारों ने देर रात तक संगीत और मनोरंजन का आनंद लिया।
समारोह में शहर के कई गणमान्य नागरिकों, उद्योगपतियों, व्यवसायियों और एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्षों ने शिरकत की। गोविंदराम मित्तल सहित एसोसिएशन के सभी पास्ट प्रेसिडेंट्स की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत एसोसिएशन अध्यक्ष दीपक मेहता के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने सदस्यों और अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि एसोसिएशन व्यापारिक गतिविधियों के साथ सदस्यों के बीच आपसी सहयोग, पारिवारिक एकजुटता और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने के लिए भी निरंतर प्रयास कर रही है।
एसोसिएशन के सचिव समीर सूद और कोषाध्यक्ष राहुल जैन ने बताया कि समारोह का प्रमुख आकर्षण दिल्ली से आए आरम्भ बैंड की लाइव म्यूजिक प्रस्तुति रही। इसके साथ ही बॉलीवुड के लोकप्रिय सितारों के डुप्लीकेट कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। अमिताभ बच्चन, रणवीर सिंह, गोविंदा, हनी सिंह और सलमान खान के रूप में पहुंचे कलाकारों ने अपनी अदाओं, डांस और परफॉर्मेंस से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। पूरा परिसर तालियों और उत्साह से गूंज उठा। सदस्यों ने देर रात तक संगीत, डांस और मनोरंजक प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
कार्यक्रम में सेलिब्रिटी कलाकारों की प्रस्तुतियों और मनोरंजन संबंधी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी कोषाध्यक्ष राहुल जैन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए संभाली। वहीं, सचिव समीर सूद ने आयोजन की रूपरेखा तैयार करने, सदस्यों की सहभागिता सुनिश्चित करने और कार्यक्रम के विभिन्न समन्वय कार्यों में सक्रिय योगदान दिया।
आयोजन को सफल बनाने में केजीवी इंफ्रा और सुबोधनी ज्वेलर्स ने एसोसिएशन के प्रमुख इवेंट पार्टनर्स के रूप में सहयोग किया। आयोजन स्थल मुकुंदरा सरोवर की ओर से मिला विशेष सहयोग और आतिथ्य भी कार्यक्रम की सफलता का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा। एसोसिएशन ने सभी पार्टनर्स और सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार जताया।
प्रवक्ता संजय गोयल ने बताया कि आयोजन के प्रोजेक्ट मेंटर राजकुमार जी जैन एवं भाटिया जी रहे। वहीं, प्रोजेक्ट चेयरमैन नविंदु द्विवेदी और मनोज अग्रवाल ने आयोजन की जिम्मेदारी संभाली। उनकी टीम के समर्पित प्रयासों और एसोसिएशन के सदस्यों के सहयोग से कार्यक्रम को भव्य स्वरूप दिया गया।
समारोह के अंतिम चरण में हुई आतिशबाजी ने आसमान को रंग-बिरंगी रोशनी से रोशन कर दिया। बॉलीवुड सितारों की झलक, आरम्भ बैंड की लाइव प्रस्तुति, शानदार मनोरंजक कार्यक्रम और सदस्यों की भागीदारी ने इस शाम को यादगार बना दिया।
एसोसिएशन की ओर से सभी सदस्यों, अतिथियों, पार्टनर्स, प्रायोजकों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया। ‘ये दिवाली सितारों वाली’ समारोह एसएसआई परिवार की एकजुटता, आपसी प्रेम और मजबूत संगठनात्मक भावना का प्रतीक बना।
समारोह की यादों को इन पंक्तियों के माध्यम से भी व्यक्त किया गया, “सितारों की महफिल सजी, खुशियों की बरसात हुई, एसएसआई परिवार के संग एक यादगार शाम हुई। रिश्तों की रोशनी और अपनों का साथ रहा, ‘ये दिवाली सितारों वाली’ हर दिल के नाम रही।”