विजयश्री रंगमंच पर नीले परिधान में एक गायिका मंच से सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान अपनी प्रस्तुति दे रही हैं।

कोटा के राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026 में बुधवार की शाम संगीत और फैशन के नाम रहने वाली है। मेला परिसर स्थित विजयश्री रंगमंच पर 3 नवंबर को रात 8:30 बजे भव्य 'सिने संध्या स्टार नाइट' का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश के मशहूर पार्श्वगायक, रैपर और संगीतकार मीका सिंह (अमरिक सिंह) अपनी सुपरहिट प्रस्तुतियों से संगीत प्रेमियों का मनोरंजन करेंगे। वहीं, इससे पहले शाम 7 बजे 'परिधान उत्सव' के जरिए फैशन के रंग देखने को मिलेंगे।

महापौर श्रीमती अनुसुइया गोस्वामी ने बताया कि दशहरा मेले के सांस्कृतिक मंच से नगर निगम कोटा की ओर से आमजन को उत्कृष्ट और यादगार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार मीका सिंह कोटा पहुंच रहे हैं। उनकी प्रस्तुति को लेकर संगीत प्रेमियों में खास उत्साह रहने की उम्मीद है।

मीका सिंह ने वर्ष 1998 में अपने पहले सोलो एल्बम 'सावन में लग गई आग' से संगीत जगत में अपनी अलग पहचान बनाई थी। यह एल्बम रातों-रात सुपरहिट साबित हुआ और यहीं से उनके शानदार संगीत सफर की शुरुआत हुई। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड को कई ब्लॉकबस्टर गीत दिए। इनमें 'मौजा ही मौजा' (जब वी मेट), 'ढिंका चिका' (रेडी), 'बस एक किंग' (सिंह इज किंग), 'आज की पार्टी' (बजरंगी भाईजान), 'आंख मारे' (सिम्बा), 'इब्न-ए-बतूता' और 'धन्नो' जैसे लोकप्रिय गाने शामिल हैं।

गायन के अलावा मीका सिंह कई फिल्मों में अभिनय भी कर चुके हैं। वह लोकप्रिय रियलिटी टीवी शो 'द वॉयस ऑफ इंडिया' में जज की भूमिका भी निभा चुके हैं। अब उनकी दमदार आवाज और लोकप्रिय गीतों का जादू बुधवार रात कोटा के दशहरा मैदान स्थित विजयश्री रंगमंच पर देखने और सुनने को मिलेगा।

स्टार नाइट से पहले शाम 7 बजे विजयश्री रंगमंच पर कुतुर इंस्टिट्यूट एंड फैशन टेक्नोलॉजी संस्थान की ओर से 'परिधान उत्सव' (फैशन शो) आयोजित किया जाएगा। इसमें संस्थान के संभागियों की ओर से आधुनिक और पारंपरिक परिधानों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इस तरह राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026 की सांस्कृतिक शाम में फैशन शो और बॉलीवुड संगीत का संगम देखने को मिलेगा।

Tags: