कोटा दशहरा मेले में आज होगा ड्रोन शो, 500 से अधिक स्वदेशी ड्रोन रोशन करेंगे आसमान
कोटा दशहरा मेला 2026 में आज शाम 7 बजे विजयश्री रंगमंच पर 500 से अधिक स्वदेशी ड्रोन आसमान रोशन करेंगे। 5 किलोमीटर दूर से दिखने वाली 3D आकृतियों और आधुनिक लाइटिंग का प्रदर्शन दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेगा।
कोटा में 133वें राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026 के तहत सोमवार, 2 नवंबर को शाम 7 बजे विजयश्री रंगमंच पर आधुनिक ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा। इस शो में 500 से अधिक स्वदेशी ड्रोन एक साथ आसमान में उड़ान भरकर विभिन्न आकृतियों और रोशनी के माध्यम से दर्शकों को आकर्षित करेंगे।
मेयर अनुसुइया गोस्वामी ने बताया कि ड्रोन शो के माध्यम से दर्शकों में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना का संचार किया जाएगा। मेक इन इंडिया की मिसाल पेश करते हुए 500 से अधिक स्वदेशी ड्रोन एक साथ आसमान को रोशन करेंगे। इनका सामूहिक प्रदर्शन दर्शकों के लिए रोमांचकारी होगा।
मेला अधिकारी एवं आयुक्त ओपी मेहरा ने बताया कि ड्रोन शो के दौरान आसमान में बनने वाली त्रिआयामी (3D) आकृतियों को 5 किलोमीटर की दूरी से भी स्पष्ट रूप से देखा जा सकेगा। अत्याधुनिक सॉफ्टवेयर और एनीमेशन प्रोग्राम के माध्यम से संचालित होने वाले इन स्वदेशी ड्रोन को 'ब्लेज' कहा जाता है। इनमें प्रकाश उत्सर्जक डायोड (LED) लगाए गए हैं।
लाखों रंग संयोजनों और विशेष प्रकाश व्यवस्था के जरिए ये ड्रोन आसमान में अलग-अलग आकृतियां बनाएंगे। हवा में उड़ते इन 'धातु के पक्षियों' के प्रदर्शन से रोशनी और कला का अनूठा दृश्य देखने को मिलेगा। आसमान में बनने वाली आकृतियां और प्रकाश संयोजन ऐसा वातावरण तैयार करेंगे, मानो चांद और तारे जमीन पर उतर आए हों।
133वें राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026 में आयोजित होने वाला यह ड्रोन शो स्वदेशी तकनीक, आधुनिक सॉफ्टवेयर और प्रकाश कला के समन्वय के जरिए दर्शकों के सामने एक विशेष प्रस्तुति पेश करेगा।