कोटा में आयोजित बीएनआई 'शी लीड्स' नेटवर्किंग कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिला उद्यमी, अतिथि एवं आयोजक समूह।

कोटा में महिला उद्यमिता को विस्तार देने और कारोबार के नए अवसर विकसित करने के उद्देश्य से बीएनआई कोटा डिस्ट्रिक्ट एवं बीएनआई सहज चैप्टर की ओर से ‘शी लीड्स’ नेटवर्किंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। निजी होटल में ‘कनेक्ट, कोलैबोरेट एंड ग्रो’ थीम पर हुए इस कार्यक्रम में कोटा की 50 महिला उद्यमियों ने भाग लिया। इसमें व्यावसायिक संपर्क मजबूत करने, आपसी सहयोग बढ़ाने और नेटवर्किंग के माध्यम से कारोबार को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने पर मंथन किया गया।

कार्यक्रम की प्रोजेक्ट डायरेक्टर सीएस लीना नारंग ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में जीबीआईजेक्स ग्लोबल कॉमर्स काउंसिल की चेयरपर्सन निशिता सुरोलिया तथा राजस्थान चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की यंग वुमन एंटरप्रेन्योर्स (वाईडब्ल्यूई) चेयरपर्सन, नैसकॉम रीजनल काउंसिल की सदस्य एवं क्लाउडमिनिस्टर टेक्नोलॉजीज की सह-संस्थापक चांदनी जग्गा उपस्थित रहीं।

बीएनआई कोटा डिस्ट्रिक्ट के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर पीयूष गुप्ता ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कोटा में महिलाओं द्वारा संचालित व्यवसाय तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। ‘शी लीड्स’ जैसे मंच महिला उद्यमियों को आपस में जुड़ने, अनुभव साझा करने और नए व्यावसायिक अवसर विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। उद्यमियों के एक-दूसरे की प्रगति में सहयोगी बनने से सामूहिक रूप से कारोबार की संभावनाएं भी बढ़ती हैं।

मुख्य अतिथि निशिता सुरोलिया ने स्थानीय उत्पादों और व्यवसायों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की संभावनाओं पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध उत्पादों और उद्यमशीलता को व्यापक बाजार से जोड़ने के लिए मजबूत व्यावसायिक नेटवर्क, बाजार की समझ और प्रभावी रणनीति आवश्यक है।

वहीं, चांदनी जग्गा ने राजस्थान से तकनीक आधारित व्यवसाय स्थापित करने के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने महिला उद्यमियों को तकनीक एवं नवाचार अपनाने, नए अवसरों की पहचान करने और आत्मविश्वास के साथ कारोबार का विस्तार करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण व्यावसायिक परिचय एवं नेटवर्किंग सत्र रहा। इसमें प्रत्येक प्रतिभागी ने अपने व्यवसाय, सेवाओं और उत्पादों की जानकारी साझा की। साथ ही बताया कि वह किस तरह के ग्राहकों, व्यावसायिक साझेदारों और बाजारों से जुड़ना चाहती हैं। सत्र के विभिन्न चरणों में प्रतिभागियों के बीच सीधे व्यावसायिक संपर्क स्थापित कराए गए। इस दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आई विशिष्ट अतिथियों और महिला उद्यमियों का सम्मान भी किया गया।

पीयूष गुप्ता ने कहा कि व्यवसाय की वास्तविक मजबूती भरोसे और आपसी संबंधों से आती है। ‘शी लीड्स’ का उद्देश्य कोटा की महिला उद्यमियों को ऐसा नेटवर्क उपलब्ध कराना है, जिसके माध्यम से वे स्थानीय सीमाओं से आगे बढ़कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

कार्यक्रम के समापन पर बीएनआई सहज चैप्टर की लीडरशिप टीम के अध्यक्ष अमान खान, उपाध्यक्ष आयुष जैन और सचिव प्रतीक गुप्ता ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इसके बाद आयोजित ओपन नेटवर्किंग सत्र में महिला उद्यमियों ने आपसी संपर्क बढ़ाए और भविष्य में व्यावसायिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।

दिसंबर में आयोजित होगा इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म समिट 2.0

बीएनआई कोटा डिस्ट्रिक्ट की ओर से दिसंबर 2026 में तीन दिवसीय ‘इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म समिट 2.0’ आयोजित किया जाएगा। ‘बिजनेस मीट्स डेस्टिनेशन’ थीम पर प्रस्तावित इस समिट में उद्योग, व्यापार और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े उद्यमी एक मंच पर जुटेंगे। इसका उद्देश्य कोटा एवं हाड़ौती क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों, निवेश और पर्यटन आधारित कारोबार की नई संभावनाओं को प्रोत्साहित करना है।

Tags: