कोटा के स्मृति वन में रोपे गए 61 बड़े पौधे, संस्था ने लिया गोद
स्व. विमला कपूर ग्रीन फाउंडेशन ने वन भूमि को गोद लेकर 10 से 12 फीट ऊंचे पौधों के नियमित संरक्षण और देखभाल का संकल्प लिया।
कोटा के स्मृति वन में पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान पौधे के पास उपस्थित लोग।
कोटा, 19 सितम्बर। समाजसेवी दीपा कपूर के जन्मदिन के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए स्व. विमला कपूर ग्रीन फाउंडेशन ने कर्णेश्वर स्थित स्मृति वन में 61 बड़े पौधों का रोपण किया। 10 से 12 फीट ऊंचाई के इन पौधों के जरिए संस्था ने स्मृति वन को आने वाले समय में सघन हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत रघुवीर दाधीच ने मंत्रोच्चार के साथ पौधों की पूजा-अर्चना कर की। इसके बाद स्मृति वन में विभिन्न प्रजातियों के 61 पौधे लगाए गए।
संस्था के अध्यक्ष रघुवीर कपूर शम्मी ने बताया कि वन विभाग से इस स्थान को संस्था ने गोद लिया है। इस वन भूमि को अपने माता-पिता स्वर्गीय इंद्र लाल कपूर व माता स्वर्गीय विमला कपूर की स्मृति में हजारों पौधे लगाकर घने वन के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया गया है।
उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि पौधों के बड़े होने तक उनकी नियमित देखभाल भी की जाएगी। पौधों की सुरक्षा, पानी और संरक्षण की व्यवस्था संस्था की ओर से सुनिश्चित की जाएगी, ताकि पौधारोपण का उद्देश्य स्थायी हरियाली में बदल सके।
इस अवसर पर राजेन्द्र गंभीर, रयोगेश मणि कौशिक, रघुवीर दाधीच, अंजू दाधीच, दीपा गंभीर, रघुवीर कपूर शम्मी, दीपा कपूर, तन्मय यादव, भूपेन्द्र कपूर, मंगल कुमार, सुभाष कश्यप, गोपी कुमार, श्याम मुरारी, महेश मित्तल और मोनू कश्यप मौजूद रहे।