कोटा में महर्षि दधीच जयंती समारोह आयोजित, जानें कार्यक्रम का शेड्यूल
दधिमती भवन में पूजन, स्वास्थ्य जांच और प्रतिभा सम्मान के साथ शाम को विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी।
कोटा में दाधीच महिला मंडल की सदस्य बैनर के सामने एक साथ खड़ी नजर आ रही हैं।
कोटा में देहदानी एवं त्यागमूर्ति श्री महर्षि दधीच जयंती समारोह आज शनिवार को श्रद्धा, सेवा और सामाजिक सहभागिता के साथ मनाया जाएगा। श्री महर्षि दधीच छात्रावास समिति, कोटा संभाग की ओर से आयोजित समारोह में दिनभर धार्मिक, सामाजिक और सेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम होंगे। पूजन-अभिषेक, महर्षि दधीच के जीवन पर प्रदर्शनी, प्रतिभा सम्मान, रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर के साथ शाम को विशाल शोभायात्रा समारोह का प्रमुख आकर्षण रहेगी।
समिति के अध्यक्ष रविन्द्र जोशी एवं सचिव निमेष पुरोहित ने बताया कि सुबह 9 बजे श्री महर्षि दधीच एवं मां दधिमती का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद हवन एवं आरती का आयोजन होगा। धार्मिक अनुष्ठानों में समाजबंधु बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
सुबह 11 बजे दधिमती भवन के नवनिर्मित हॉल में श्री महर्षि दधीच के जीवन चरित्र एवं योगदान पर आधारित प्रदर्शनी का शुभारंभ होगा। समिति के मुख्य सलाहकार नागेश दाधीच ने बताया कि प्रदर्शनी में महर्षि दधीच के त्याग, तपस्या और समाज के प्रति उनके योगदान को विभिन्न माध्यमों से प्रदर्शित किया जाएगा। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को महर्षि दधीच के जीवन आदर्शों और उनके त्याग की परंपरा से परिचित कराना है।
दोपहर 2 बजे प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित होगा। समिति के द्वितीय मुख्य सलाहकार नरेन्द्र मोहन दाधीच ने बताया कि समारोह में समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं, कन्या जन्म देने वाली माताओं, खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा जिला, संभाग और राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित दाधीच समाजबंधुओं को सम्मानित किया जाएगा। राजकीय सेवा में नवनियुक्त एवं सेवानिवृत्त समाजबंधुओं, अंगदान एवं देहदान करने वाले व्यक्तियों तथा हाड़ौती संभाग के दाधीच समाज के चिकित्सकों और अधिवक्ताओं को प्रमाणपत्र एवं प्रतीक चिह्न भेंट किए जाएंगे।
सुबह 10 बजे विशाल रक्तदान शिविर एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ होगा। डॉ. एलएन शर्मा ने बताया कि शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया जाएगा। शिविर में वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. रामपाल, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. संकेत गोयल, वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. पत्ता सिंह सोलंकी, वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक डॉ. ऐश्वर्य शर्मा, वरिष्ठ पंचकर्म एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मुक्ति शर्मा, वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. मुकेश दाधीच, आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. नेहा मारू तथा आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. भवेश जिंदल सेवाएं देंगे।
शिविर में अस्थि घनत्व एवं ब्लड शुगर की जांच नि:शुल्क की जाएगी। समिति के सचिव निमिष पुरोहित ने बताया कि शिविर के माध्यम से आमजन को नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करने के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा।
शाम 5 बजे विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। समिति के कोषाध्यक्ष सुनील शर्मा ने बताया कि शोभायात्रा में श्री महर्षि दधीच की झांकियों के साथ विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक झांकियां शामिल होंगी। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। इसके बाद समाजबंधुओं के लिए सामूहिक भोजन-प्रसादी का आयोजन किया जाएगा।
समारोह के विभिन्न आयोजनों के लिए अलग-अलग समितियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पूजन, अभिषेक एवं हवन की व्यवस्था आचार्य पं. कौशल किशोर दाधीच एवं पंशिव कुमार शर्मा संभालेंगे। रक्तदान एवं चिकित्सा जांच शिविर का संयोजन डॉ. एलएन शर्मा कर रहे हैं। प्रतिभा सम्मान समारोह की जिम्मेदारी शोभा दाधीच को दी गई है।
शोभायात्रा के संयोजक लोकेश दाधीच, नरेन्द्र मोहन दाधीच एवं गोपाल दाधीच, नृसिंह हैं। भोजन-प्रसादी व्यवस्था रमेश दाधीच, नीमोला एवं बृजेश दाधीच, पाटूंदा संभालेंगे। अधिवक्ताओं के सम्मान की जिम्मेदारी एडवोकेट चंद्रप्रकाश दाधीच को सौंपी गई है। स्वागत एवं आभार समिति का दायित्व दुर्गाशंकर दाधीच, दाचायला एवं पचेल संभालेंगे।
समारोह में महिला मंडल अध्यक्ष स्मिता शर्मा के नेतृत्व में मातृशक्ति तथा युवा मंडल अध्यक्ष कमल शर्मा के नेतृत्व में युवा शक्ति सक्रिय सहभागिता निभाएगी। समाज के वरिष्ठजन, समिति के उपाध्यक्ष राजेश दाधीच सहित कार्यकारिणी के सभी सदस्य आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग करेंगे।
समिति ने समाजबंधुओं से परिवार सहित समारोह में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है। आयोजकों के अनुसार, महर्षि दधीच जयंती का उद्देश्य उनके त्याग, तपस्या और परोपकार के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ सामाजिक एकता और सेवा भावना को मजबूत करना है।