कोटा: छावनी में गणेश विसर्जन यात्रा के साथ 25वां रजत जयंती महोत्सव संपन्न
गोयल धर्मशाला के पास 10 दिनों तक चले पूजन के बाद विसर्जन यात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने नम आंखों से बप्पा को विदाई दी।
कोटा के छावनी पांडाल में विराजमान भगवान श्री गणेश की भव्य प्रतिमा।
कोटा, 25 सितम्बर। श्री गणेश मित्र मंडल समिति, छावनी की ओर से आयोजित 25वें रजत जयंती श्री गणेश महोत्सव 2026 का समापन अनंत चतुर्दशी के पावन पर्व पर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के बीच हुआ। छावनी रामचंद्रपुरा स्थित गोयल धर्मशाला के सामने सजाए गए विशाल गणपति पांडाल में 10 दिनों तक चले पूजन और आराधना के बाद शुक्रवार को भगवान श्री गणेश की भव्य विसर्जन यात्रा निकाली गई। यात्रा में पूरा छावनी क्षेत्र उमड़ पड़ा।
समिति की ओर से आयोजित विशाल विसर्जन यात्रा ढोल-नगाड़ों की गूंज, मनमोहक भजनों और पारंपरिक उल्लास के साथ क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। श्रद्धालु झूमते-गाते, गुलाल उड़ाते और बाप्पा का जयघोष करते हुए यात्रा में शामिल हुए। मुख्य मार्गों से गुजरने के बाद विसर्जन यात्रा जल स्रोत तक पहुंची, जहां पूरे विधि-विधान, मंत्रोच्चार और महाआरती के उपरांत भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का जल विसर्जन किया गया।
विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने नम आंखों से भगवान गणेश को अंतिम विदाई दी और "अगले बरस तू जल्दी आ" के जयकारों से माहौल गूंज उठा। 25वें रजत जयंती वर्ष के कारण इस बार का गणेश महोत्सव विशेष और ऐतिहासिक रहा।
समिति के अध्यक्ष ऋतुराज कौशिक तथा उपाध्यक्ष पंडित लालचंद शर्मा ने बताया कि 25वें रजत जयंती वर्ष के कारण इस बार का गणेश महोत्सव विशेष और ऐतिहासिक रहा। समिति के सचिव अंशु श्रृंगी एवं संरक्षक कन्हैयालाल शाक्यवाल ने विसर्जन यात्रा में शामिल सभी धर्मप्रेमी जनता का आभार व्यक्त किया।
पूरे 10 दिवसीय रजत जयंती महोत्सव को भव्य एवं सफल बनाने में समिति के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। आयोजन को व्यवस्थित और यादगार बनाने में मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र सिंह, नवल किशोर, महेश शाक्यवाल, सतीश शाक्यवाल, भारत अग्रवाल, ऋतिक गुप्ता, करण शाक्यवाल, नीरज शाक्यवाल, दीपमाला, आरती शाक्यवाल, ममता शाक्य, संजू देवी और कीर्ति शाक्यवाल सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस भव्य विसर्जन यात्रा के साथ 25वें रजत जयंती श्री गणेश महोत्सव का विधिवत समापन हुआ।