अखिल भारतीय किराड़ क्षत्रिय महासभा बैठक में सामाजिक एकजुटता और राजनीतिक रणनीति पर मंथन

कोटा में अखिल भारतीय किराड़ क्षत्रिय महासभा की बैठक में सामाजिक एकजुटता, संगठन मजबूती और राजनीतिक रणनीति पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।

Update: 2026-08-03 14:51 GMT

तस्वीर में श्रीनाथपुरम छात्रावास प्रांजण, कोटा में आयोजित किराड़ क्षत्रिय महासभा की बैठक के दौरान अतिथियों का स्वागत और अभिनंदन करते हुए समाज के पदाधिकारी नजर आ रहे हैं।

अखिल भारतीय किराड़ क्षत्रिय महासभा, राजस्थान प्रदेश की प्रदेश प्रतिनिधि सभा की बैठक श्रीनाथपुरम स्थित समाज के छात्रावास प्रांगण में आयोजित हुई। बैठक में सामाजिक एकजुटता, संगठन को मजबूत करने और राजनीतिक चेतना बढ़ाने जैसे विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय महामंत्री रामकुमार मेहता उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष रामविलास मेहता ने की। पश्चिम मध्य रेल उपयोगकर्ता परामर्शदाता समिति सदस्य एवं वरिष्ठ समाजसेवी आशीष मेहता विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री श्यामबाबू मेहता ने किया।

बैठक के शुभारंभ पर प्रदेश अध्यक्ष रामविलास मेहता ने उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए बैठक का विस्तृत एजेंडा सदन के समक्ष रखा। उन्होंने संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की और समाज की गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महामंत्री रामकुमार मेहता ने संबोधित करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने समाज के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि आशीष मेहता ने कहा कि जिस समाज में चेतना, मजबूत संगठन और सही रणनीति होती है, दुनिया की कोई भी ताकत उस समाज को उसके जायज अधिकारों से वंचित नहीं रख सकती। उन्होंने कहा कि समाज में संस्थाएं अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन सभी का संकल्प और मंजिल एक ही होनी चाहिए। उन्होंने छोटे-बड़े मनमुटाव को भुलाकर ‘सर्वजन हिताय, समाज हिताय’ के मूलमंत्र पर आगे बढ़ने की बात कही।

आशीष मेहता ने कहा कि जब तक गांव के खेत में खड़ा अंतिम किसान और शहर का युवा संगठन से नहीं जुड़ेगा, तब तक विकास का सपना अधूरा रहेगा। उन्होंने समाज के सभी वर्गों को संगठन से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।

बैठक में हाड़ौती स्तर पर भव्य ‘वार्षिक समाजोत्सव’ आयोजित करने का विशेष प्रस्ताव रखा गया। साथ ही समाज की व्यापारिक, शैक्षणिक और राजनीतिक ताकत को एकजुट कर आगामी नगर निकाय और पंचायती राज चुनाव को लेकर व्यापक रणनीति तैयार करने पर चर्चा की गई।

इस अवसर पर किराड़ समाज ट्रस्ट के अध्यक्ष मथुरा लाल मेहता ने सामाजिक परिसंपत्तियों और विकास कार्यों का ब्योरा प्रस्तुत किया। बैठक में टेकरी मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेश मेहता, कोटा जिलाध्यक्ष रामनिवास मेहता, झालावाड़ जिलाध्यक्ष बद्रीलाल मेहता, बारां जिलाध्यक्ष रामकरण मेहता तथा युवा इकाई के जिलाध्यक्ष दिनेश मेहता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में पूर्व सरपंच शिवराम मेहता, प्रह्लाद मेहता, आलोक मेहता, रामेश्वर मेहता, बृजमोहन मेहता, रामेश्वर मेहता एवं निलेश किराड़ ने भी सदन को संबोधित किया।

इस दौरान ट्रस्ट के महासचिव घनश्याम मेहता, शिक्षाविद मानक मेहता, रमेश धाकड़, समिति के कोषाध्यक्ष रमेश चंद मेहता, कोचिंग समिति के सम्भागीय अध्यक्ष ओमप्रकाश मेहता, रामगोपाल मेहता, दीपक मेहता, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के पूर्व सदस्य कपिल मेहता, रामावतार मेहता, पूर्व सरपंच हरिशंकर मेहता, धनराज मेहता एवं शिक्षाविद नीरज मेहता सहित सैकड़ों समाज बंधु उपस्थित रहे।

बैठक में लिए गए प्रस्तावों और विचार-विमर्श के माध्यम से अखिल भारतीय किराड़ क्षत्रिय महासभा ने सामाजिक संगठन को मजबूत करने और समाज के विभिन्न क्षेत्रों को एकजुट करने की दिशा में आगामी योजनाओं पर मंथन किया।

Tags:    

Similar News