करौली जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय का मुख्य प्रवेश द्वार और परिसर दिख रहा है, जहां से सुरक्षा के नए आदेश जारी हुए हैं।   

करौली के कोतवाली थाना क्षेत्र में बिरवास इलाके में हाल ही में हुई वारदात के बाद पुलिस ने सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके तहत अंजनी माता मंदिर पर अस्थाई पुलिस चौकी स्थापित की जाएगी। करौली पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने चौकी स्थापित करने के आदेश जारी कर दिए हैं।

अस्थाई पुलिस चौकी पर चार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। चौकी का क्षेत्राधिकार बिरवास, मांची, डगरिया और चौबे के बाग तक रहेगा। इसके अलावा छोटा पांचना पुल और रिलायंस पेट्रोल पंप के आसपास के इलाकों पर भी पुलिस विशेष नजर रखेगी।

तैनात पुलिसकर्मी नियमित रूप से क्षेत्र में गश्त करेंगे और अपराधों के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखेंगे। इससे क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा सकेगी।

पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने कोतवाली थाना प्रभारी को अस्थाई पुलिस चौकी तत्काल स्थापित कराने के निर्देश दिए हैं। बिरवास क्षेत्र में हुई वारदात के बाद उठाए गए इस कदम के तहत अंजनी माता मंदिर को पुलिस निगरानी का केंद्र बनाया जाएगा।

Tags: