खिजूरी गांव के रास्ते पर आप प्रत्याशी के परिजन कनक दंडवत यात्रा करते दिख रहे हैं।   

हिंडौन सिटी में पंचायती राज चुनाव की सरगर्मियों के बीच शेरपुर-सूरौठ पंचायत समिति के वार्ड नंबर 14 में आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी मुन्नी देवी जाटव ने चुनाव में जीत और जनता का समर्थन पाने के लिए अनूठी पहल की है। मुन्नी देवी ने गुरुवार को अपने परिजनों के साथ खिजूरी गांव स्थित मंदिर से कनक दंडवत यात्रा की शुरुआत की। इस दौरान प्रत्याशी और उनका परिवार कनक दंडवत करते हुए ग्रामीणों से अपने पक्ष में मतदान करने और आशीर्वाद देने की अपील करता नजर आया।

आमतौर पर श्रद्धालु मन्नत पूरी होने पर धार्मिक स्थलों और मंदिरों में कनक दंडवत करते हैं, लेकिन इस बार चुनावी माहौल के बीच प्रत्याशी और उनके परिजनों ने जनता का समर्थन प्राप्त करने के लिए यह तरीका अपनाया है। कनक दंडवत यात्रा खिजूरी गांव सहित पंचायत समिति के वार्ड नंबर 14 के गांवों, उनकी सीमाओं और रास्तों से होकर पूरी की जाएगी।

आप प्रत्याशी मुन्नी देवी जाटव ने कहा कि जनता का आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। क्षेत्र के विकास और जनसेवा की भावना के साथ वे जनता के द्वार पर नतमस्तक हैं। कनक दंडवत के माध्यम से प्रत्याशी और उनके परिजनों ने ग्रामीणों से समर्थन और मतदान की अपील की।

इस अनूठी यात्रा में मुन्नी देवी के पति श्रीफूल, बेटे पिंटू बंसीवाल और हरिओम बंसीवाल के साथ उनकी पुत्रवधू तथा छोटे पोते-पोतियां भी शामिल रहे। पूरा परिवार एक साथ कनक दंडवत करते हुए मतदाताओं से वोट देने की अपील करता दिखाई दिया।

चुनाव के दौरान प्रत्याशी और उनके पूरे परिवार को आस्था और भक्ति भाव के साथ कनक दंडवत करते देखकर खिजूरी गांव के लोगों में कौतूहल और उत्साह का माहौल है। यात्रा को देखने के लिए रास्तों में जगह-जगह ग्रामीण एकत्र हो रहे हैं। प्रत्याशी परिवार की इस पहल की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है। शेरपुर-सूरौठ पंचायत समिति के वार्ड नंबर 14 में चुनावी प्रचार के बीच यह कनक दंडवत यात्रा ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

Tags: