करौली में पंचायत चुनाव: मासलपुर और नादौती में मतदान जारी, केंद्रों पर लगी कतारें
करौली, मासलपुर और नादौती पंचायत समितियों में शांतिपूर्ण मतदान के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, जहां ग्रामीण सुबह से कतारों में खड़े हैं।
करौली पंचायत समिति में सुरक्षा व्यवस्था के बीच ग्रामीण मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे।
करौली। गांव की सरकार चुनने को लेकर ग्रामीण मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। मौसम में नमी और ठंडक के बावजूद मतदान को लेकर लोगों का जोश कम नहीं हुआ। जिले के मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें नजर आ रही हैं। युवा, बुजुर्ग और महिलाएं अपने मताधिकार का प्रयोग कर गांव का प्रतिनिधि चुनने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दे रहे हैं।
करौली जिले की पंचायत समिति करौली, मासलपुर और नादौती की सभी ग्राम पंचायतों में मतदान को लेकर उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता पूरे उत्साह के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। मतदान केंद्रों पर लंबी कतारों के बीच मतदाता अपनी बारी का इंतजार कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभा रहे हैं।
वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए पुलिस का भारी जाप्ता तैनात किया गया है। पुलिसकर्मी मतदान केंद्रों पर मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए मतदान व्यवस्था को शांतिपूर्ण बनाए रखने में जुटे हैं। पंचायत समिति करौली, मासलपुर और नादौती की ग्राम पंचायतों में मतदाताओं का उत्साह और सुरक्षा व्यवस्था के बीच गांव की सरकार चुनने की प्रक्रिया जारी है।