हिंडौन सिटी में 15 हजार रुपये के पैकेज का लालच देकर ठगी करने वाले संदिग्ध युवकों पर पुलिस कार्रवाई की मांग। 

हिंडौन सिटी। शहर के वर्धमान नगर और भौदूपुरा में महिलाओं को निशाना बनाकर घरेलू सामान के नाम पर हजारों रुपये की ठगी करने वाले संदिग्ध फेरीवालों की गतिविधियां अब सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं। ठगी का शिकार हुए उपभोक्ताओं ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज उपलब्ध कराई है। इनमें बाइक सवार युवकों की आवाजाही और संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दे रही हैं।

जानकारी के अनुसार, बाइक सवार युवक घर-घर जाकर महिलाओं को 15,000 रुपये के 'मेगा पैकेज' का लालच देते हैं। इस पैकेज में इलेक्ट्रॉनिक केटल, कुकवेयर, रोटी मेकर और पुडिंग सेट सहित विभिन्न घरेलू सामान शामिल होने की बात कहकर उनसे मोटी रकम वसूली जाती है। आरोप है कि युवक घरों में पुरुष सदस्यों की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर महिलाओं को गुमराह करते हैं और नकली घरेलू सामान थमा देते हैं।

इस ठगी का पता उस समय चलता है, जब रात में पुरुष सदस्य घर लौटते हैं और खरीदे गए सामान की वास्तविक स्थिति सामने आती है। इसके बाद परिवारों को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास होता है।

स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवारों की ओर से साझा किए गए सीसीटीवी फुटेज में दिन के समय कॉलोनियों और घरों के बाहर बाइक सवार युवकों की आवाजाही स्पष्ट दिखाई दे रही है। इन फुटेज को ठगी की घटनाओं से जुड़े संदिग्धों की पहचान के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।

क्षेत्रवासियों के मुताबिक, घरेलू सामान के पैकेज बेचने वाले युवकों के अलावा प्लाजो और अन्य कपड़े बेचने वाले फेरीवाले भी इलाके में सक्रिय हैं। आरोप है कि ये लोग भी महिलाओं को बहकाकर घटिया गुणवत्ता का सामान बेच रहे हैं।

सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद वर्धमान नगर और भौदूपुरा के निवासियों में आक्रोश बढ़ गया है। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उपभोक्ताओं की ओर से उपलब्ध कराए गए फुटेज के आधार पर बाइक सवार युवकों और संदिग्ध फेरीवालों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए।

इसके साथ ही लोगों ने कॉलोनियों में बाहरी संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग भी उठाई है। अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और कार्रवाई को लेकर पुलिस प्रशासन से सख्त कदम उठाने की अपेक्षा की जा रही है।

Tags: