करौली के लहदौर कलां में बाल विवाह व हिंसा उन्मूलन पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।  

करौली जिले के मासलपुर क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस पर महिलाओं और बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता की पहल की गई। जिला प्रशासन, बाल अधिकारिता विभाग एवं एक्शनएड-डीएमजी इवेंट्स, करौली के संयुक्त तत्वावधान में राजीव गांधी सेवा केन्द्र लहदौर कलां में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महिलाओं के खिलाफ हिंसा, बाल विवाह, दहेज प्रथा और लैंगिक भेदभाव के उन्मूलन का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति होने वाली हिंसा और अन्य सामाजिक कुरीतियों के प्रति समुदाय को जागरूक करना तथा समानता, सम्मान और सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना रहा।

इस दौरान महिलाओं के अधिकारों, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, बाल विवाह, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न और महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। उपस्थित लोगों को इन कुरीतियों के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए इनके उन्मूलन में जागरूक और सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

एक्शनएड एसोसिएशन के जिला समन्वयक दिनेश कुमार बैरवा ने कहा कि महिलाओं के प्रति हिंसा केवल शारीरिक हिंसा तक सीमित नहीं है। घरेलू हिंसा, मानसिक उत्पीड़न, आर्थिक शोषण, दहेज प्रथा, बाल विवाह और सामाजिक भेदभाव भी महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों का उल्लंघन हैं। इन कुरीतियों का सीधा असर उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता, स्वतंत्रता और सम्मानजनक जीवन पर पड़ता है।

उन्होंने कहा कि बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए परिवार, समुदाय, युवाओं, महिला समूहों और स्थानीय संस्थाओं को एकजुट होकर आगे आना होगा। बेटियों को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराना, उनकी इच्छा और अधिकारों का सम्मान करना तथा निर्णय लेने की प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना समानता और न्याय पर आधारित समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

यह कार्यक्रम जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल अधिकारिता विभाग करौली के सहायक निदेशक पवन कुमार गुप्ता के निर्देशानुसार बाल विवाह मुक्त मासलपुर जागरूकता अभियान के तहत आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा और भेदभाव समाप्त करने के लिए समाज को अपनी सोच और व्यवहार में बदलाव लाना जरूरी है। महिलाओं का सम्मान, बालिकाओं की शिक्षा, बाल विवाह एवं दहेज प्रथा का विरोध और हिंसा के खिलाफ सामूहिक आवाज ही सुरक्षित एवं समान समाज की नींव है।

कार्यक्रम के अंत में सभी से महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा करने, सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने और हिंसा-मुक्त, बाल विवाह-मुक्त तथा दहेज-मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग करने की अपील की गई।

Tags: