हिण्डौन सिटी में दशहरा महोत्सव: 71 फीट के रावण के साथ कुंभकरण-मेघनाथ का दहन
हिण्डौन सिटी में विजयादशमी पर रामलीला मैदान में 71 फीट के रावण, 61 फीट के कुंभकरण और 51 फीट के मेघनाथ का दहन हुआ। मुरैना के कलाकारों ने पुतले तैयार किए, जबकि 10 सजीव झांकियों से सजी रामदरबार शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से निकली।
हिण्डौन सिटी के रामलीला मैदान में विजयादशमी अवसर पर दशहरा महोत्सव के दौरान रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों के दहन कार्यक्रम में मौजूद जनसैलाब।
हिण्डौन सिटी में विजयादशमी पर मंगलवार को रामलीला मैदान में दशहरा महोत्सव आयोजित किया गया। इस दौरान 71 फीट ऊंचे रावण, 61 फीट के कुंभकरण और 51 फीट के मेघनाथ के पुतलों का दहन किया गया। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के कलाकारों द्वारा तैयार किए गए तीनों विशाल पुतले महोत्सव के आकर्षण का केंद्र रहे। रावण दहन से पहले शहर में सजीव धार्मिक झांकियों से सुसज्जित भव्य रामदरबार शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा नंबर एक राजकीय विद्यालय से रवाना हुई। यह नीम का बाजार, सराफा बाजार, ट्रांसपोर्ट एरिया, मनीराम पार्क, मोहन नगर, जैन मंदिर, स्टेशन रोड, चौपड़ सर्किल और गौशाला होते हुए रामलीला मैदान पहुंची। शहर के विभिन्न स्थानों पर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
शोभायात्रा को आकर्षक बनाने के लिए बैंड-बाजे और डीजे के साथ 10 सजीव झांकियां शामिल की गईं। इनमें हनुमानजी, महाकाल अघोरी, नाग-नागिन, राधा-कृष्ण, जोगणी, नरसिंह अवतार-प्रहलाद, रामदरबार, रावण और काली मां सहित विभिन्न धार्मिक प्रसंगों पर आधारित प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
नगर परिषद आयुक्त दिलीप शर्मा ने बताया कि मंगलवार शाम 8 बजे रामलीला मंचन के दौरान दशहरा महोत्सव आयोजित किया गया। इस अवसर पर भव्य आतिशबाजी के बीच श्रीराम ने तीर चलाकर रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के तीनों पुतलों का दहन किया।
इस दौरान शहरवासियों ने विजयादशमी का पर्व उत्साह, सौहार्द और शांति के साथ मनाया। जय श्रीराम के नारों के बीच बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में नगर परिषद सभापति विजय कुमारी चतुर्वेदी, समाजसेवी दिलीप चतुर्वेदी, उपसभापति विक्रम सिंह तोमर, कनिष्ठ अभियंता राजीव धाकड़, कनिष्ठ सहायक केशव जाटव, विभिन्न वार्डों के पार्षद और रामलीला कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।