करौली-हिंडौन टोल सड़क मार्ग पर नृसिंह मंदिर के सामने उखड़ी डामर और गिट्टी के बीच से गुजरता एक बाइक चालक।   

करौली-हिंडौन टोल सड़क मार्ग पर नृसिंह मंदिर के सामने सड़क की बदहाल स्थिति वाहन चालकों के लिए खतरा बनी हुई है। टोल वसूली के बावजूद सड़क जगह-जगह से क्षतिग्रस्त है और 2 से 3 फीट तक गहरे गड्ढों के कारण हादसे की आशंका बनी रहती है। इस मार्ग पर दिन-रात हल्के और भारी वाहनों की आवाजाही के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के दौरान पानी के तेज बहाव से सड़क का कटाव हो गया और डामर व गिट्टी उखड़ गई। इसके कारण सड़क के बीच जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। विशेष रूप से घाटी पर चढ़ते समय इन गड्ढों से गुजरने वाले वाहनों का संतुलन बिगड़ने का खतरा बना रहता है। कई बार बड़े वाहन असंतुलित होकर खाई में गिरने से बाल-बाल बचे हैं। अनुभवी चालक किसी तरह वाहनों को संभाल लेते हैं, लेकिन मार्ग से अनजान चालकों के लिए यहां से गुजरना जोखिम भरा साबित हो सकता है।

ग्रामीण सामाजिक कार्यकर्ता दीपक गढ़ी, मुकेश, मनमोहन और महेश सहित अन्य लोगों ने बताया कि विभाग की ओर से गड्ढों में गिट्टी और मिट्टी डालकर अस्थायी मरम्मत कराई गई थी। हालांकि, करौली-हिंडौन मार्ग पर वाहनों की अधिक आवाजाही के कारण गिट्टियां फिर निकल गईं, जिससे गड्ढे दो से तीन फीट तक गहरे हो गए हैं।

सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नृसिंह मंदिर के सामने क्षतिग्रस्त सड़क और गहरे गड्ढों के चलते दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। टोल वसूली के बावजूद सड़क की स्थायी मरम्मत नहीं होने से समस्या बरकरार है और इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है।

Tags: