सपोटरा नगर पालिका में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी, अस्थाई सफाई पर हंगामा
करौली के सपोटरा नगर पालिका में सफाई कर्मचारियों और ऑटो टिपर चालकों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी है। दो माह और 20 माह के बकाया वेतन सहित अन्य मांगों के बीच अस्थायी सफाई कराने पर हंगामा हुआ, प्रशासन की वार्ता जारी है।
करौली जिले के सपोटरा में बकाया वेतन की मांग को लेकर हड़ताल कर रहे सफाई कर्मचारियों और अस्थायी सफाई कराने पहुंची नगर पालिका अध्यक्ष सपना देवी के बीच बहस होती हुई।
करौली जिले की नगर पालिका सपोटरा में सफाई कर्मचारियों और ऑटो टिपर चालकों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी रहने से कस्बे में जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए हैं। वेतन सहित अन्य मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार कर रहे कर्मचारियों और नगर पालिका प्रशासन के बीच गतिरोध बना हुआ है। इस बीच, शहर में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए अस्थायी तौर पर सफाई कराने के नगर पालिका प्रशासन के प्रयास पर हड़ताली कर्मचारियों ने विरोध जताया और मौके पर पहुंचकर बहस की।
सफाई कर्मचारियों और ऑटो टिपर चालकों की हड़ताल के कारण कस्बे की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। जगह-जगह जमा कचरे के साथ सड़कों पर भी गंदगी फैल गई है। सड़कों पर पड़े कचरे को आग लगाकर जलाए जाने से प्रदूषण भी फैलने लगा है। सफाई संवेदक की ओर से कर्मचारियों को समझाने के प्रयास नहीं किए जाने के बीच समस्या बनी हुई है।
सफाई कर्मचारी और ऑटो टिपर चालक वेतन की मांग सहित अन्य मांगों को लेकर पिछले चार दिन से हड़ताल कर रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने सपोटरा उपखंड अधिकारी अनूप सिंह के समक्ष भी अपनी मांगें रखी हैं। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में सफाई कार्मिकों का दो माह का बकाया वेतन और ऑटो टिपर चालकों का 20 माह का बकाया वेतन दिलाना तथा वेतन बढ़ाना शामिल है।
कस्बे में बढ़ती गंदगी को देखते हुए नगर पालिका की नवनिर्वाचित अध्यक्ष सपना देवी ने अस्थायी तौर पर शहर की सफाई कराने के लिए कार्रवाई की। इसकी जानकारी मिलने पर हड़ताल कर रहे सफाई कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सफाई नहीं करने देने का रुख अपनाते हुए नगर पालिका प्रशासन के साथ बहस की।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष सपना देवी ने सफाई कर्मचारियों से काम पर लौटने की अपील की। उन्होंने कहा कि काम पर वापस लौटें और काम के एवज में उन्हें समय पर वेतन उपलब्ध कराया जाएगा।
समाचार लिखे जाने तक नगर पालिका प्रशासन और हड़ताली सफाई कर्मचारियों के बीच आपसी सहमति बनाने के लिए वार्ता जारी थी। बकाया वेतन और वेतन वृद्धि की मांगों पर सहमति बनने के साथ ही कस्बे की सफाई व्यवस्था बहाल होने की स्थिति इस वार्ता के परिणाम पर निर्भर करेगी।