लेटे हुए घायल बुजुर्ग व्यक्ति सिकरौदा मीना हमला मामले में उपचार के दौरान दिख रहे हैं।

हिंडौन सिटी। ग्राम सिकरौदा मीना में कब्रिस्तान के अंदर लगे हरे पेड़ काटने का विरोध करना एक बुजुर्ग को भारी पड़ गया। पेड़ काट रहे लोगों ने नाराज होकर बुजुर्ग पर लाठी और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, सिकरौदा मीना निवासी 74 वर्षीय गुलबदन पुत्र मंगल शुक्रवार को अपनी बाइक से रेंडायल गांव से तगादा कर वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सिकरौदा रेलवे पुलिया के पास स्थित कब्रिस्तान में कुछ लोग वहां लगे पेड़ को काटते हुए दिखाई दिए।

गुलबदन ने जब कब्रिस्तान में लगे पेड़ को काटने से मना किया तो वहां मौजूद लोग आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने बुजुर्ग पर लाठी तथा धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में गुलबदन के सिर में गंभीर चोट आई और वे लहूलुहान हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल बुजुर्ग को तत्काल जिला अस्पताल लेकर गए। यहां उन्हें उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।

जिला अस्पताल के मेडिकल जूरिस्ट डॉ. रामनरेश कुंभकार ने बताया कि घायल बुजुर्ग के सिर में धारदार हथियार से गंभीर चोट आई है। उनका मेडिकल मुआयना कर उपचार किया जा रहा है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Tags: