झालावाड़: पूजा दूध डेयरी के दूध, पनीर और मावा बर्फी के सैंपल फेल
| मध्य प्रदेश पुलिस की सूचना पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, बिना लाइसेंस निर्माण पर ₹25 लाख तक जुर्माने का प्रावधान।
झालावाड़ जिले के मिश्रौली स्थित पूजा दूध डेयरी में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में मिलावट से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। दीपावली पर्व पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान डेयरी से लिए गए चार खाद्य नमूनों में से तीन प्रयोगशाला जांच में सब स्टैंडर्ड पाए गए। इनमें दूध, पनीर और मावा बर्फी के नमूने निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे, जबकि मावे का नमूना मानकों के अनुरूप मिला।
शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत यह कार्रवाई मध्य प्रदेश के गरोठ पुलिस थाना की ओर से घटिया पनीर सप्लाई किए जाने की सूचना दिए जाने के बाद की गई। अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मोहम्मद साजिद ने बताया कि गरोठ पुलिस थाना की ओर से मिश्रौली पुलिस थाना को सूचना दी गई थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक झालावाड़ की सूचना पर 04.11.26 को खाद्य सुरक्षा दल को मिश्रौली स्थित पूजा दूध डेयरी में कार्रवाई के लिए भेजा गया। खाद्य सुरक्षा दल और पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच की।
कार्रवाई के दौरान डेयरी परिसर में लगभग 25 किलो पनीर, 50 किलो मावा मिठाई, लगभग 3000 किलो मावा कोल्ड स्टोर में और दूध रखा हुआ मिला। मिलावट की आशंका पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत दूध, मावा बर्फी, पनीर और मावे के नमूने जांच के लिए लिए गए। नमूने लेने के बाद शेष बचे 25 किलो पनीर और 50 किलो मावा मिठाई को मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया। मावे में संदेह होने के कारण उसे कोल्ड स्टोर में सीज कर खाद्य कारोबारकर्ता की सुरक्षित अभिरक्षा में जांच रिपोर्ट आने तक रखवाया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने नमूनों की जांच रिपोर्ट प्रयोगशाला से शीघ्र मंगवाई। रिपोर्ट में पनीर, दूध और मावा बर्फी के नमूने सब स्टैंडर्ड पाए गए, जबकि मावे का नमूना खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के निर्धारित मानकों के अनुसार सही मिला। इसके बाद मावा खाद्य कारोबारकर्ता को सुपुर्द कर दिया गया।
जांच रिपोर्ट के अनुसार मावा बर्फी और दूध में मिल्क फैट के स्थान पर बाहरी फैट पाया गया, जबकि पनीर के नमूने में फैट की मात्रा निर्धारित स्तर से कम मिली। डॉ. मोहम्मद साजिद ने बताया कि दूध और मावा बर्फी में मिल्क फैट के स्थान पर पाया गया बाहरी फैट इस प्रकार का था, जिससे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत निर्धारित मानकों पर कोई विपरीत प्रभाव नहीं पड़ता। ऐसी स्थिति में नमूना प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट में पास हो जाता है और मिलावट धड़ल्ले से की जा सकती है।
सब स्टैंडर्ड पाए गए तीनों नमूनों के संबंध में खाद्य कारोबारकर्ता को नोटिस जारी किए गए हैं। यदि खाद्य कारोबारकर्ता जांच रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं है तो रिपोर्ट प्राप्त होने के एक माह के भीतर अभिहित अधिकारी के समक्ष अपील प्रस्तुत कर सकता है। अपील की सुनवाई के बाद यदि अभिहित अधिकारी इसे स्वीकार करते हैं तो नमूनों के द्वितीय भाग खाद्य कारोबारकर्ता के खर्चे पर रेफरल खाद्य प्रयोगशाला में भेजे जाएंगे। वहां से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यदि खाद्य कारोबारकर्ता की ओर से अपील प्रस्तुत नहीं की जाती है तो तीनों प्रकरण न्याय निर्णय अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे। प्रत्येक प्रकरण में अधिकतम 5-5 लाख रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके अलावा जांच में खाद्य कारोबारकर्ता के पास निर्माण इकाई का लाइसेंस भी नहीं मिला। इस पर अधिकतम 10 लाख रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। खाद्य कारोबारकर्ता को लाइसेंस प्राप्त करने तक खाद्य पदार्थों का निर्माण नहीं करने के लिए पाबंद किया गया है।
डॉ. मोहम्मद साजिद ने बताया कि मध्य प्रदेश से लगते भवानी मंडी क्षेत्र में दूध कारोबारकर्ताओं की ओर से दूध की मात्रा बढ़ाने के लिए उसमें स्किम्ड मिल्क पाउडर और फैट बढ़ाने के लिए कोई तेलीय पदार्थ मिलाए जाने की शिकायतें मिलती रहती हैं। इस तरह की मिलावट सामान्य जांच रिपोर्ट में पकड़ में नहीं आती और दूध धड़ल्ले से मिलावट कर बेचा जा रहा है।
इस समस्या को देखते हुए दूध के नमूने खाद्य प्रयोगशाला में भेजते समय दूध में केवल मिल्क फैट ही होने की जांच के लिए प्रयोगशालाओं से अलग से अभिशंसा की गई है, ताकि दूध में मिलावट करने वालों को पकड़ा जा सके। साथ ही इस क्षेत्र के दूध विक्रेताओं पर निगरानी रखने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए खाद्य सुरक्षा दल को नियमित रूप से कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।
पूजा दूध डेयरी के मामले में चार में से तीन नमूनों का सब स्टैंडर्ड मिलना, निर्माण इकाई का लाइसेंस नहीं होना और बाहरी फैट से जुड़ी मिलावट की आशंका सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने जुर्माने की कार्रवाई के साथ क्षेत्र में दूध कारोबारियों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।