झालावाड़ गणपति महोत्सव में बच्चों ने देवी-देवताओं की वेशभूषा में दी प्रस्तुति
झालावाड़ के मंगलपुरा में गणपति महिला मण्डल के गणपति महोत्सव में 15 बच्चों ने देवी-देवताओं की विचित्र वेशभूषा में नृत्य और संवाद प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
झालावाड़ में गणपति महोत्सव के तहत मंगलपुरा में बोहरा जी के नोहरे के पास सोमवार रात गणपति महिला मण्डल की ओर से नन्हें-मुन्ने बच्चों की विचित्र वेशभूषा का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों ने विभिन्न देवी-देवताओं का रूप धारण कर रेंप पर प्रस्तुति दी और उनके उपदेशों को बोलकर अपनी प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, झालरापाटन (डाईट) की प्राचार्य रजनीगंधा सोनी ने कहा कि गणपति महोत्सव में देवताओं की विचित्र और सुन्दर वेशभूषा के प्रदर्शन से भारतीय धर्म और संस्कृति के साथ-साथ देवी-देवताओं के बारे में जानना भी आज के संदर्भ में बहुत उपयोगी है। उन्होंने कहा कि नवीन पीढ़ी को ऐसी संस्कृति से परिचित होना अत्यन्त आवश्यक है।
कार्यक्रम की संयोजक गायत्री शर्मा ने बताया कि गणपति मूर्ति के समक्ष विचित्र वेशभूषा में नन्हें-मुन्ने बच्चों ने अलग-अलग देवी-देवताओं का रूप धारण कर प्रस्तुति दी। अंशिल ने शिवाजी महाराज, रिदम ने ऋषिमुनि, तनुष ने संत प्रेमानन्द महाराज, रियांशी टेलर ने देवी दुर्गा, प्रियांश गुप्ता ने नारद मुनि, सुशांत खत्री ने गणेशजी, राघव ने शिव महादेव, हर्षि ने देवी पार्वती, माधव ने श्रीकृष्ण कन्हैया, परी कुमारी ने राधारानी, शिवम ने श्रीकृष्ण, इति कुमारी ने राधा, अन्वी नागर ने राधा, आरव कुमार ने कृष्ण और हृदयांशी ने शिव की वेशभूषा धारण की।
विचित्र वेशभूषा में कुल 15 बच्चों ने सजधज कर अलग-अलग देवी-देवताओं का रूप धारण किया। बच्चों ने नृत्य के साथ अपनी प्रस्तुतियां दीं और देवी-देवताओं के उपदेशों को बोलकर कार्यक्रम प्रस्तुत किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद श्रोताओं और दर्शकों का मन मोह लिया। इस पर सभी ने तालियां बजाकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में अतुल जैन की ओर से प्रस्तुति देने वाले बच्चों को पुरस्कार वितरित किए गए। पुरस्कार पाकर बच्चे काफी प्रसन्न हुए।
कार्यक्रम की व्यवस्था में गणपति महिला मण्डल की सदस्य राखी सक्सेना, मधु शर्मा, अनिता पाटीदार, ममता नागर, मंजू पाठक, नेहा टेलर, सुषमा, निर्मला, नेहा, कीर्ति चतुर्वेदी, भावना, रीना, कीर्ति, मधु, वन्दना, भगवती, कमला देवी, निशी अग्रवाल, अम्बिका, भक्ति, राजेश, भूमि, रितिका, खुशी और अनिवा ने पूर्ण सहयोग प्रदान किया।