झालावाड़ में 11 हजार श्रद्धालु करेंगे 1.21 लाख हनुमान चालीसा पाठ, 31 दिसंबर को महाआयोजन
| झालावाड़ में 31 दिसंबर 2026 को 11,000 श्रद्धालु एक साथ 1,21,000 हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। रामदूत हनुमान मंडल के इस महाआयोजन से पहले झालरापाटन के बर्डी के बालाजी मंदिर में सामूहिक पाठ आयोजित किया गया।
झालावाड़ में 31 दिसंबर 2026 को 11,000 श्रद्धालुओं के सामूहिक स्वर से 1,21,000 हनुमान चालीसा पाठ का अनुष्ठान होगा। ‘रामदूत के संग - संकल्प से सिद्धि का संगम’ अभियान के तहत आयोजित होने वाले इस हनुमान अष्टमी महाआयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में झालरापाटन स्थित बर्डी के बालाजी मंदिर में स्थानीय स्तर पर सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ आयोजित किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रामदूत हनुमान मंडल के तत्वावधान में मुख्य आयोजन 31 दिसंबर को शाम 5:30 बजे बस स्टैंड के पास स्थित प्रवीण शर्मा क्रिकेट ग्राउंड में होगा। मंडल के संस्थापक संयोजक मनोज शर्मा ने बताया कि प्रभु श्रीराम और माता जानकी को समर्पित यह अनुष्ठान समाज में सकारात्मक और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करेगा।
मनोज शर्मा ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों का हाथ थामकर उन्हें भय से निर्भय बनाने और आने वाली पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने के उद्देश्य से सपरिवार आयोजन में शामिल हों। उन्होंने कहा कि यह आयोजन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प सिद्ध करने के साथ परिवार और मित्रों को अशांति से शांति के मार्ग पर अग्रसर करेगा।
जिला समन्वयक उदयभान संकल्प ने कहा कि श्रद्धालु 31 दिसंबर को केवल अंग्रेजी वर्ष के अंत के रूप में न देखें, बल्कि इसे नए जीवन और नई ऊर्जा की दिव्य शुरुआत मानें। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस सामूहिक धार्मिक अनुष्ठान का हिस्सा बनने का आह्वान किया।
मुख्य आयोजन से पहले झालरापाटन के बर्डी के बालाजी मंदिर में आयोजित सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। इस अवसर पर डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से देश का युवा सनातन संस्कृति से प्रेरित होकर वाम को छोड़कर राम की ओर प्रवृत्त होगा।
प्रवीण भाटिया ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी भक्तों का आभार व्यक्त किया और आगामी आयोजन में शामिल होने की अपील की। कार्यक्रम में बडली के बालाजी सेवादल के नवीन कारपेंटर, पदम जैन, सोनू राठौर, विशाल पोरवाल और संदीप जैन का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर हेमंत शर्मा, अनंत शर्मा, पीयूष बटवानी और अभिषेक शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु और मातृशक्ति उपस्थित रहे। आयोजकों के अनुसार, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के माध्यम से क्षेत्र में धार्मिक एकता और सकारात्मक वातावरण को सुदृढ़ करने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।