उत्तर पश्चिम रेलवे समीक्षा बैठक: महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने संरक्षा, मानसून सुरक्षा और यात्री सुविधाओं पर दिए सख्त निर्देश
उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय की समीक्षा बैठक में महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने संरक्षा, मानसून सुरक्षा, यात्री सुविधाओं और उत्कृष्ट रेल कर्मचारियों के सम्मान पर महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
तस्वीर में उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा एक रेल कर्मचारी को सम्मानित करते हुए नजर आ रहे हैं।
उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में मंगलवार, 4 अगस्त 2026 को महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा की अध्यक्षता में संरक्षा एवं कार्य समीक्षा बैठक आयोजित की गई। प्रधान कार्यालय में आयोजित इस बैठक में सभी विभागाध्यक्ष, चारों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तथा अन्य अधिकारी शामिल हुए। बैठक में संरक्षा, यात्री सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षित रेल संचालन, ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता, इंफ्रास्ट्रक्चर, कार्य निष्पादन, निर्माण कार्य, पूंजीगत आय, रेलवे ट्रैक की फेसिंग तथा आय बढ़ाने सहित विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।
महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संरक्षित रेल संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि संरक्षा एवं यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए सभी कार्यों को आपसी समन्वय और सामंजस्य के साथ निर्धारित लक्ष्य के अनुसार समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने निर्माण परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं के विकास कार्यों तथा कवच परियोजना को भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखने, इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों के निष्पादन में गति लाने तथा संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सतर्कता एवं सजगता से कार्य करने पर विशेष बल दिया।
बैठक के दौरान महाप्रबंधक ने सभी विभागाध्यक्षों को नियमित निरीक्षण करने तथा सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए अधीनस्थ कर्मचारियों की समय-समय पर काउंसलिंग कर संरक्षा अभियान चलाने के निर्देश दिए। मानसून के मद्देनजर उन्होंने रेलवे ट्रैक की सुरक्षा, नियमित पेट्रोलिंग, विद्युत एवं सिग्नल उपकरणों की विशेष निगरानी और समुचित अनुरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही भारी बारिश के दौरान सुरक्षित रेल संचालन के लिए जलभराव वाले स्टेशन यार्ड एवं रेलवे अंडरपासों की पहचान कर आवश्यक प्रबंध करने को कहा। आगामी दिनों में आयोजित होने वाले मेलों के दौरान यात्रियों की संभावित बढ़ी हुई संख्या को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
संरक्षा एवं कार्य समीक्षा बैठक के दौरान उत्कृष्ट सतर्कता और तत्परता का परिचय देकर संभावित गंभीर रेल दुर्घटनाओं को टालने वाले रेल कर्मचारियों को भी महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने सम्मानित किया।
अजमेर मंडल के श्री नंद लाल रैगर, ट्रैक मेंटेनर-द्वितीय, गैंग संख्या-16 (भीलवाड़ा) ने 28 जुलाई 2026 को की-मैन की ड्यूटी के दौरान किलोमीटर 103.497 पर रेल वेल्ड फ्रैक्चर देखा। उन्होंने तत्काल ट्रैक को संरक्षित कर सजगता और तत्परता का परिचय दिया, जिससे एक संभावित गंभीर दुर्घटना टल गई।
जयपुर मंडल के श्री सोहन सिंह मीना, ट्रैक मेंटेनर-चतुर्थ, गैंग संख्या-04 (कुंड) ने 29 जुलाई 2026 को पेट्रोलमैन की ड्यूटी के दौरान किलोमीटर OHE 27/20-27/22 के मध्य डाउन लाइन की ओएचई वायर टूटी हुई देखी। उन्होंने तुरंत लाइन पर आने वाली ट्रेनों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए स्टेशन मास्टर काठवास को सूचना दी, जिससे संभावित गंभीर दुर्घटना टल गई।
जयपुर मंडल के श्री मदन सिंह नेहरा, ट्रैक मेंटेनर-चतुर्थ, गैंग संख्या-06 (फतेहपुर शेखावाटी) ने 16 जुलाई 2026 को पेट्रोलमैन-10 की ड्यूटी के दौरान रात करीब 12:12 बजे चूरू से सीकर जा रही सफेद गिट्टियों से भरी मालगाड़ी के एक वैगन से गिट्टियां गिरती हुई देखीं। उन्होंने तत्काल एसएसई/पी-वे लक्ष्मणगढ़ को सूचना दी। इसके बाद लक्ष्मणगढ़ स्टेशन पर ट्रेन रोककर जांच की गई, जिसमें वैगन में बड़ा छिद्र मिलने पर उसे अस्थायी रूप से बंद कर ट्रेन को सुरक्षित रवाना किया गया। उनकी सतर्कता से संभावित गंभीर दुर्घटना टल गई।
जयपुर मंडल के श्री नीरज वासू, ट्रेन मैनेजर-गुड्स, न्यू फुलेरा ने 22 जुलाई 2026 को सुबह 8:32 बजे गाड़ी संख्या PPSP/KUN-43610 में ड्यूटी के दौरान न्यू बांगड़ ग्राम स्टेशन (WDFCCIL) से गुजर रही गाड़ी संख्या LPGS/LPGK के एक वैगन से एलपीजी गैस का रिसाव होते देखा। उन्होंने तुरंत स्टेशन मास्टर BGMC/DFC को सूचना दी। इसके बाद ट्रेन को रुकवाकर संबंधित अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई की और संभावित गंभीर दुर्घटना टाल दी।
जयपुर मंडल के श्री विनोद कुमार कुमावत, पॉइंट्समैन, हिरनोदा ने 20 जुलाई 2026 को ड्यूटी के दौरान गाड़ी संख्या 15631 (BME-GHY Express) के हिरनोदा स्टेशन से पास थ्रू होने के समय कोच संख्या NFR/182318/C (B-4, Third AC) में ब्रेक ब्लॉक जाम होने तथा उससे धुआं और आग निकलती देखी। उन्होंने तुरंत लाल झंडी दिखाकर ट्रेन को सुरक्षित रुकवाया। इसके बाद ट्रेन मैनेजर, लोको पायलट एवं स्टेशन स्टाफ ने अग्निशमन यंत्र की सहायता से आग बुझाई, जाम ब्रेक ब्लॉक को रिलीज किया और ट्रेन को सुरक्षित रवाना किया।
जयपुर मंडल के श्री लोकेश कुमार सैनी, लोको पायलट, रेवाड़ी ने 10 जुलाई 2026 को MRIK साइडिंग में गाड़ी संख्या E/HAPA के GDR चेक के दौरान वैगन संख्या 40039945729/NR की नकल पिन टूटी हुई पाई। उन्होंने तत्काल कैरिज कंट्रोलर, पीसीआर/जयपुर को सूचना दी। इसके बाद रेवाड़ी सी एंड डब्ल्यू स्टाफ ने नकल पिन बदलकर संभावित ट्रेन पार्टिंग और गंभीर दुर्घटना की आशंका को समाप्त किया।
जोधपुर मंडल के श्री लख सिंह, तकनीशियन-प्रथम, सी एंड डब्ल्यू, जैसलमेर ने 13 जुलाई 2026 को गाड़ी संख्या 12468 (जयपुर-जैसलमेर) के रोलिंग-इन अनुरक्षण के दौरान कोच संख्या 114472/NWR/WGSCN में ट्रॉली फ्रेम हैंगर ब्रैकेट टूटा हुआ पाया। उन्होंने असुरक्षित परिचालन के जोखिम को समाप्त करने के लिए ब्रेक बीम को कोच से हटा दिया और संभावित गंभीर दुर्घटना को टाल दिया।
जोधपुर मंडल के श्री राजेन्द्र कुमार, तकनीशियन-प्रथम, सी एंड डब्ल्यू, जैसलमेर ने 1 अगस्त 2026 को गाड़ी संख्या 12249 (दिल्ली-जैसलमेर) के रोलिंग-इन अनुरक्षण के दौरान कोच संख्या 183860/NR/LWLRRM की ट्रेलिंग ट्रॉली की प्राइमरी आउटर कॉइल स्प्रिंग टूटी हुई देखी। उन्होंने तुरंत एसएसई (सी एंड डब्ल्यू) जैसलमेर को सूचना देकर कोच को सिक कराया, जिससे संभावित गंभीर दुर्घटना टल गई।
बैठक के अंत में महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि रेल उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि मुख्यालय स्तर पर अनुमोदित होने वाले कार्यों के निष्पादन में पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा।