जलभराव से बदला डिब्रुगढ़-लालगढ़ एक्सप्रेस का मार्ग, 2 से 5 अगस्त तक इन रूटों से चलेगी ट्रेन
पूर्वोत्तर रेलवे के शिमलगुड़ी यार्ड में जलभराव के कारण डिब्रुगढ़-लालगढ़ एक्सप्रेस का मार्ग बदला गया है। जानिए किन तिथियों पर ट्रेन परिवर्तित रूट से चलेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के शिमलगुड़ी-सेलेंगहाट रेलखंड पर शिमलगुड़ी-नामति अली स्टेशनों के मध्य स्थित शिमलगुड़ी यार्ड में जलभराव होने के कारण डिब्रुगढ़-लालगढ़-डिब्रुगढ़ एक्सप्रेस रेलसेवा का संचालन निर्धारित मार्ग के बजाय परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार जलभराव की स्थिति को देखते हुए गाड़ी संख्या 15909, डिब्रुगढ़-लालगढ़ एक्सप्रेस, जो 04 एवं 05 अगस्त 2026 को डिब्रुगढ़ से प्रस्थान करेगी, वह परिवर्तित मार्ग डिब्रुगढ़-नॉर्थ लखीमपुर-रंगापाड़ा नार्थ-रंगिया होकर संचालित होगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 15910, लालगढ़-डिब्रुगढ़ एक्सप्रेस, जो 02 अगस्त 2026 को लालगढ़ से प्रस्थान करेगी, वह परिवर्तित मार्ग रंगिया-रंगापाड़ा नार्थ-नॉर्थ लखीमपुर-डिब्रुगढ़ होकर संचालित होगी।
रेलवे प्रशासन ने बताया है कि पूर्वोत्तर रेलवे के शिमलगुड़ी यार्ड में जलभराव के कारण यह मार्ग परिवर्तन किया गया है, जिसके तहत निर्धारित तिथियों पर संबंधित रेलसेवाओं का संचालन वैकल्पिक मार्ग से किया जाएगा।