मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में शहरी सेवा शिविरों से 53 हजार पट्टे जारी, 11,479 शिविरों ने बदली तस्वीर

राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में 12 जून से 30 जुलाई तक आयोजित 11,479 शहरी सेवा शिविरों के जरिए 53,078 पट्टे जारी किए गए, हजारों नाम हस्तांतरण और भवन मानचित्र प्रकरणों का निस्तारण हुआ। जानिए इन शिविरों से आमजन और शहरों को क्या-क्या लाभ मिला।

Update: 2026-08-04 07:00 GMT

तस्वीर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एक शिविर के दौरान एक महिला नागरिक को दस्तावेज या पट्टा सौंपते हुए नजर आ रहे हैं।

जयपुर, 03 अगस्त। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे शहरी सेवा शिविर गुड गवर्नेंस के प्रतीक के रूप में उभर रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करते हुए लाखों लोगों को राहत प्रदान की जा रही है। साथ ही शहरी विकास को गति देने और नागरिकों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने का कार्य भी लगातार किया जा रहा है।

प्रदेशभर में 12 जून से 30 जुलाई तक शहरी क्षेत्रों में कुल 11 हजार 479 शिविर आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इस अवधि के दौरान 53 हजार 78 पट्टे जारी किए गए, 18 हजार 4 नाम हस्तांतरण प्रकरणों का निस्तारण किया गया तथा 8 हजार 644 भवन मानचित्र प्रकरणों का भी समाधान किया गया।

इसी अवधि में 1 लाख 32 हजार 722 जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीकरण किए गए। वहीं, 20 हजार 900 प्रधानमंत्री स्वनिधि ऋण आवेदन प्राप्त हुए और 48 हजार 504 विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराए गए, जिससे नागरिकों को विभिन्न आवश्यक सेवाओं का लाभ एक ही मंच पर मिल सका।

शहरों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में भी शिविरों के दौरान व्यापक कार्य किए गए। कुल 85 हजार 767 स्ट्रीट लाइटों का दुरस्तीकरण किया गया, 27 हजार 284 नई स्ट्रीट लाइटें लगाई गईं तथा 34 हजार 675 कचरा संभावित केंद्रों का उन्मूलन किया गया। इसके अलावा पालनहार योजना के तहत 15 हजार 500 सत्यापन भी किए गए।

राज्य सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इन योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसी सोच के अनुरूप आयोजित किए जा रहे शहरी सेवा शिविर अंत्योदय के संकल्प को साकार करने की दिशा में प्रभावी पहल के रूप में सामने आए हैं और आमजन को विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Tags:    

Similar News