गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष पर जयपुर में निकली भव्य कलश शोभायात्रा, 5 अगस्त को होगा पवित्र रज कलश वंदन समारोह

जयपुर में गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष पर भव्य कलश शोभायात्रा निकली। 5 अगस्त के पवित्र रज कलश वंदन समारोह को लेकर तैयारियां तेज हुईं।

Update: 2026-08-04 13:54 GMT

भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष में 5 अगस्त को आयोजित होने वाले पवित्र रज कलश वंदन समारोह की पूर्व संध्या पर मंगलवार को जयपुर में भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा को उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री श्रवण बगड़ी, प्रदेश महामंत्री एवं अभियान संयोजक भूपेंद्र सैनी तथा भाजपा प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल ने ध्वज दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री एकता अग्रवाल, नारायण मीणा, सीताराम पोसवाल, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ तथा विधायक बाल मुकुंदाचार्य महाराज भी शोभायात्रा में शामिल हुए। बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर उत्साहपूर्वक यात्रा में भाग लिया। श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता का संदेश देती इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु भी मौजूद रहे।

समरसता संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक एवं भाजपा महामंत्री भूपेंद्र सैनी ने बताया कि शोभायात्रा विधानसभा के समीप स्थित मंडलेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर एसएमएस स्टेडियम स्थित खेलेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यात्रा में बैंड-बाजों की मधुर धुन, सुसज्जित बग्गियां तथा संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।

भूपेंद्र सैनी ने कहा कि समरसता संकल्प अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समता, सद्भाव और मानवता के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सामाजिक समरसता, समानता और राष्ट्रीय एकता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। अभियान के माध्यम से समाज में आपसी सद्भाव, सामाजिक समावेश और राष्ट्र निर्माण की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। 5 अगस्त को आयोजित होने वाला पवित्र रज कलश वंदन समारोह इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाने वाला प्रमुख आयोजन होगा।

Tags:    

Similar News