सड़क पर कचरा फेंकना पड़ा भारी, नगर निगम ने जांच के बाद वेल ट्रेड कंपनी पर ₹11 हजार का जुर्माना लगाया
वार्ड संख्या 30 में सड़क पर कचरा डालने की शिकायत के बाद नगर निगम ने जांच कर वेल ट्रेड कंपनी पर ₹11,000 का जुर्माना लगाया और भविष्य के लिए सख्त चेतावनी दी।
तस्वीर में नंद विहार कॉलोनी गेट नंबर-1 के पास सड़क किनारे फैले कचरे का ढेर और सफाई में उपयोग होने वाला झाड़ू दिख रहा है।
सार्वजनिक स्थानों पर कचरा डालने के मामले में नगर निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए जांच के बाद वेल ट्रेड कंपनी पर ₹11,000 का जुर्माना अधिरोपित कर मौके पर ही वसूला। यह कार्रवाई सोमवार को वार्ड संख्या 30 में 200 फीट बाईपास स्थित नंद विहार कॉलोनी गेट नंबर-1 के पास सड़क पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा कचरा डाले जाने की सूचना मिलने के बाद की गई।
सूचना पर संज्ञान लेते हुए वैशाली नगर जोन के उपायुक्त पवन कुमार शर्मा ने संबंधित टीम को यह पता लगाने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए कि उक्त कचरा किसके द्वारा डाला गया है।
निर्देशों की पालना में मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक श्री समीर सक्सेना के नेतृत्व में वार्ड संख्या 29 एवं 30 के स्वास्थ्य निरीक्षक श्री अशोक कुमार तथा श्री विजय कसौटिया ने संयुक्त रूप से मामले की जांच की।
जांच के दौरान यह पाया गया कि सड़क पर डाला गया कचरा वेल ट्रेड कंपनी द्वारा डाला गया था। जांच में कंपनी का कार्यालय प्लॉट नंबर 199, गली नंबर 4, तीजा नगर, पांच्यावाला स्थित पाया गया। इसके बाद टीम कंपनी कार्यालय पहुंची और संबंधित प्रतिनिधियों को भविष्य में सार्वजनिक स्थानों एवं सड़कों पर कचरा नहीं डालने तथा नगर निगम के स्वच्छता नियमों की पालना करने के लिए सख्त हिदायत दी।
उल्लंघन के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कंपनी पर ₹11,000 (ग्यारह हजार रुपये) का जुर्माना अधिरोपित किया गया, जिसकी मौके पर ही वसूली की गई। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति नहीं करने की चेतावनी भी दी गई।