ऊर्जा 2026 में शहरी विकास और वास्तुकला में महिला नेतृत्व पर मंथन
| रश्मि गुप्ता को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड मिला, वहीं सुरक्षा, इतिहास और सार्वजनिक अवसंरचना पर विशेष सत्रों से शहरी नियोजन में समावेशी दृष्टिकोण को बढ़ावा मिला।
विक्की राजस्थान आर्किटेक्चर चैप्टर के ऊर्जा 2026 आयोजन में शहरी विकास व वास्तुकला पर मंथन हुआ।
शहरों और सार्वजनिक अवसंरचना के निर्माण में महिलाओं की भूमिका अब केवल भागीदारी तक सीमित नहीं, बल्कि उनके विचार और नेतृत्व विकास की दिशा तय कर रहे हैं। इसी विषय को केंद्र में रखते हुए शनिवार, 28 नवंबर को रोज़े आमेर में विमेन इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (विक्की) के राजस्थान आर्किटेक्चर चैप्टर की ओर से ‘ऊर्जा 2026’ का आयोजन किया गया। ‘इन हर एलिमेंट’ थीम पर आधारित इस वार्षिक आयोजन में ‘विमेन डिजाइन थॉट लीडर्स’ के माध्यम से वास्तुकला, शिक्षा, सार्वजनिक अवसंरचना और शहरी विकास के क्षेत्र में सक्रिय महिलाओं के अनुभवों, विचारों और नेतृत्व पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम की शुरुआत विक्की राजस्थान आर्किटेक्चर चैप्टर की अध्यक्ष आर्किटेक्ट प्रीति अग्रवाल के स्वागत संबोधन से हुई। इस अवसर पर वरिष्ठ आर्किटेक्ट रश्मि गुप्ता को वास्तुकला के क्षेत्र में उनके लंबे और उल्लेखनीय योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किया गया।
आयोजन में तीन विशेष सत्र आयोजित किए गए। पहले सत्र में अहमदाबाद की प्रसिद्ध आर्किटेक्चरल हिस्टोरियन और शिक्षाविद् प्रो. माधवी देसाई ने भारतीय वास्तुकला के इतिहास में महिलाओं के योगदान पर अपने विचार रखे। उन्होंने वास्तुकला के इतिहास में महिलाओं के कार्यों का दस्तावेजीकरण करने और उनके दृष्टिकोण को आर्किटेक्चर की शिक्षा का हिस्सा बनाने की आवश्यकता बताई। इस सत्र का संचालन विक्की राजस्थान आर्किटेक्चर चैप्टर की अध्यक्ष आर्किटेक्ट प्रीति अग्रवाल ने किया।
दूसरे सत्र में विक्की राजस्थान आर्किटेक्चर चैप्टर की उपाध्यक्ष आर्किटेक्ट गीतांजलि कसलीवाल के साथ संवाद के दौरान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (प्लानिंग) आर्किटेक्ट नंदिता भट्ट ने बड़े स्तर की सार्वजनिक अवसंरचना परियोजनाओं की योजना और प्रबंधन से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। वहीं, सेफ्टीपिन की सह-संस्थापक कल्पना विश्वनाथ ने शहरों की योजना और डिजाइन तैयार करते समय महिलाओं के रोजमर्रा के अनुभवों, आवागमन और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को शामिल करने पर जोर दिया। इस सत्र का संचालन विक्की राजस्थान आर्किटेक्चर चैप्टर की संस्थापक अध्यक्ष आर्किटेक्ट शालिनी गेहलोत ने किया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण आर्किटेक्ट निष्ठा पांडे की परिकल्पना पर आधारित ‘इन माय एलिमेंट’ पहल रही। इसके तहत महिला आर्किटेक्ट्स और चैप्टर की सदस्यों को अपनी व्यक्तिगत पहचान और रुचियों को प्रदर्शित करने वाली तस्वीरें साझा करने के लिए आमंत्रित किया गया था। इन तस्वीरों से तैयार ‘माय एलिमेंट वॉल’ का ऊर्जा 2026 में अनावरण किया गया। इस पहल के जरिए महिलाओं की विविधता, रचनात्मकता और उनकी पेशेवर पहचान से इतर व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं को सामने रखा गया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी वक्ताओं का सम्मान किया गया। आयोजन के सफल संचालन में विक्की राजस्थान आर्किटेक्चर चैप्टर की वर्किंग कमेटी की आर्किटेक्ट्स सना सोनी, केतकी कुलकर्णी, निष्ठा पांडे, निष्ठा गुलाटी, महेशी बानो, पारुल गुप्ता और शिवांशी सेठ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इवेंट लीड्स आर्किटेक्ट अनिका मित्तल और आर्किटेक्ट सगुना वाधवा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर रीमा हूजा, गौरव अग्रवाल, आयुष कसलीवाल, ध्रुव गुप्ता और आशुतोष भार्गव सहित विक्की राजस्थान आर्किटेक्चर चैप्टर की सदस्याएं, आर्किटेक्ट्स, डिजाइनर्स तथा जयपुर के कला एवं पेशेवर जगत से जुड़ी कई जानी-मानी हस्तियां उपस्थित रहीं।
आयोजन को आदित्य बाथ, एलीट विंडो सिस्टम्स, महालक्ष्मी हार्डवेयर और एसएवी एंटरप्राइजेज का सहयोग मिला, जबकि अनंतया और स्किलयाक गिफ्टिंग पार्टनर रहे। ऊर्जा 2026 के विभिन्न सत्रों और पहलों के माध्यम से वास्तुकला तथा शहरी विकास में महिलाओं के अनुभव, रचनात्मकता और नेतृत्व को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया।