जयपुर में तीन दिवसीय APM-2026 सम्मेलन के उद्घाटन पर अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर शुरुआत की।

पेट्रोरसायन एवं पॉलिमर उद्योग में तकनीकी नवाचार, औद्योगिक सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा देने के उद्देश्य से जयपुर में 17वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन APM–2026 का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (CIPET) के तत्वावधान में भारत सरकार के रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के रसायन एवं पेट्रोरसायन विभाग के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय सम्मेलन की शुरुआत होटल इंटरकॉन्टिनेंटल, जयपुर में हुई। 28 से 30 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस आयोजन में देश-विदेश के वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद, उद्योग प्रतिनिधि और विद्यार्थी पेट्रोरसायन एवं पॉलिमर विज्ञान के भविष्य, औद्योगिक चुनौतियों और सतत विकास की संभावनाओं पर विचार-विमर्श कर रहे हैं।

सम्मेलन का मुख्य विषय ‘Advanced Petrochemical Materials, Safety and Sustainability for Viksit Bharat 2047’ रखा गया है। इसका उद्देश्य उन्नत पेट्रोरसायन एवं पॉलिमर सामग्री, औद्योगिक सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, पुनर्चक्रण, चक्रीय अर्थव्यवस्था और तकनीकी नवाचार के क्षेत्रों में अनुसंधान, उद्योग तथा शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना है।

उद्घाटन समारोह में भारत सरकार के रसायन एवं पेट्रोरसायन विभाग के सचिव तेजवीर सिंह, आईएएस, विभाग के संयुक्त सचिव डॉ. जी. वेंकटेश, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अरविंदर सिंह साहनी, CIPET के महानिदेशक एवं सम्मेलन के संरक्षक प्रो. (डॉ.) शिशिर सिन्हा, CIPET के निदेशक (TSS एवं BD) एवं सम्मेलन अध्यक्ष डॉ. विशाल वर्मा, CIPET: IPT जयपुर के निदेशक एवं सम्मेलन संयोजक डॉ. हरेंद्र कुमार तथा CIPET: IPT लखनऊ के संयुक्त निदेशक एवं सह-संयोजक विवेक कुमार सहित विभिन्न सरकारी विभागों, उद्योगों, शिक्षण एवं अनुसंधान संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

केंद्रीय मंत्रियों ने वर्चुअल संदेश के जरिए दी शुभकामनाएं

केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने वर्चुअल संदेश के माध्यम से सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक विकास यात्रा में रसायन एवं पेट्रोरसायन क्षेत्र का महत्वपूर्ण योगदान है। औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और तकनीकी नवाचार के माध्यम से यह क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहा है।

उन्होंने प्लास्टिक एवं वेस्ट मैनेजमेंट के क्षेत्र में CIPET की भूमिका का उल्लेख करते हुए संस्थान के जनजागरूकता अभियान ‘No Plastics to Know Plastics’ की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक के जिम्मेदार उपयोग, वैज्ञानिक प्रबंधन और रिसाइक्लिंग के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाली पहलें वर्तमान समय की आवश्यकता हैं।

केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने भी वर्चुअल संदेश में सम्मेलन के सफल आयोजन की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और युवा तकनीकी विशेषज्ञों को उद्योग जगत के अनुभवी विशेषज्ञों से जुड़ने, नई तकनीकों को समझने तथा अपने ज्ञान और कौशल को विकसित करने का अवसर देते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि APM–2026 उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग को नई दिशा देने के साथ कुशल मानव संसाधन के विकास तथा पेट्रोरसायन क्षेत्र में नवाचार को प्रोत्साहित करेगा।

अनुसंधान और औद्योगिक नवाचार पर विशेष जोर

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए रसायन एवं पेट्रोरसायन विभाग के सचिव तेजवीर सिंह ने कहा कि सम्मेलन का विषय वर्तमान औद्योगिक आवश्यकताओं और भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए महत्वपूर्ण है। उन्नत पेट्रोरसायन सामग्री, औद्योगिक सुरक्षा और सतत विकास विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की दिशा में अहम भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि भारत का पेट्रोरसायन क्षेत्र अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। सम्मेलन में देश-विदेश के चयनित शोधकर्ताओं और शिक्षाविदों की ओर से शोध-पत्र प्रस्तुत किए जा रहे हैं। इससे क्षेत्र के उभरते आयामों पर विचारों के आदान-प्रदान और औद्योगिक चुनौतियों के समाधान के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध हुआ है। उन्होंने अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और उद्योगों तथा शैक्षणिक संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।

विभाग के संयुक्त सचिव डॉ. जी. वेंकटेश ने कहा कि CIPET का APM सम्मेलन उद्योग (Industry), शिक्षा (Academia), अनुसंधान (Research) और विद्यार्थियों (Students) को एक साझा मंच पर जोड़ने का प्रयास है। ऐसे आयोजनों से शोध और उद्योग के बीच तालमेल बेहतर होता है। विद्यार्थियों को नई तकनीकों, औद्योगिक आवश्यकताओं और अनुसंधान के व्यावहारिक पहलुओं को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने तकनीकी ज्ञान के आदान-प्रदान और युवा प्रतिभाओं के विकास के लिए ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अरविंदर सिंह साहनी ने कहा कि किसी भी राष्ट्र और अर्थव्यवस्था का विकास पेट्रोरसायन एवं रसायन क्षेत्र की प्रगति से गहराई से जुड़ा है। भारत की तेज विकास गति और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में इस क्षेत्र का योगदान महत्वपूर्ण है।

उन्होंने उद्योगों के लिए कुशल और तकनीकी रूप से शिक्षित मानव संसाधन की जरूरत रेखांकित करते हुए कहा कि बदलती तकनीक और औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप काम करने वाले प्रशिक्षित एवं दक्ष युवाओं की जरूरत है। इस दिशा में CIPET के प्रयास महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने ह्यूमन कैपिटल (Human Capital) के विकास और कौशल आधारित शिक्षा को उद्योगों की प्रगति तथा देश की आर्थिक मजबूती के लिए आवश्यक बताया।

CIPET के महानिदेशक एवं सम्मेलन के संरक्षक प्रो. (डॉ.) शिशिर सिन्हा ने कहा कि पेट्रोरसायन एवं प्लास्टिक उद्योग देश की औद्योगिक और आर्थिक प्रगति में अहम भूमिका निभा रहे हैं। दैनिक जीवन में दवाइयों, खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग, वस्त्रों और अनेक आवश्यक उत्पादों में रसायनों, पॉलिमर एवं पॉलिएस्टर का व्यापक उपयोग होता है। इनके बिना आधुनिक जीवन की कल्पना करना कठिन है।

उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या और बदलती आवश्यकताओं को देखते हुए शोधकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे उन्नत तकनीकों के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाली, पर्यावरण अनुकूल तथा पुनर्चक्रण एवं पुनः उपयोग योग्य प्लास्टिक और पेट्रोरसायन सामग्री विकसित करें। इससे औद्योगिक जरूरतों की पूर्ति के साथ पर्यावरण संरक्षण भी सुनिश्चित किया जा सकेगा। उन्होंने अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास, स्वदेशी तकनीकों और सतत विकास को विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए महत्वपूर्ण बताया। उनके अनुसार, ऐसे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन उद्योगों, शिक्षण संस्थानों और अनुसंधान संगठनों को साझा मंच प्रदान करते हैं तथा नई तकनीकों के विकास और औद्योगिक उपयोग को प्रोत्साहित करते हैं।

CIPET की नई पहल और राष्ट्रीय जागरूकता अभियान शुरू

सम्मेलन के उद्घाटन अवसर पर CIPET की विभिन्न संस्थागत एवं शैक्षणिक पहलों का शुभारंभ किया गया। इनमें ऑनलाइन शिक्षण मंच एवं यूट्यूब चैनल, विद्यार्थियों के लिए वित्तीय सहायता योजना तथा ‘No Plastics to Know Plastics’ राष्ट्रीय जागरूकता अभियान शामिल हैं।

इन पहलों का उद्देश्य तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को व्यापक स्तर तक पहुंचाना, विद्यार्थियों को शैक्षणिक एवं वित्तीय सहायता देना तथा प्लास्टिक के जिम्मेदार उपयोग, वैज्ञानिक समझ और पुनर्चक्रण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। इन प्रयासों से तकनीकी ज्ञान को अधिकाधिक विद्यार्थियों और आमजन तक पहुंचाने के साथ पर्यावरणीय जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता विकसित करने में मदद मिलेगी।

देश-विदेश के विशेषज्ञों की भागीदारी, तकनीकी विषयों पर चर्चा

APM–2026 में भारत सहित विभिन्न देशों के विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद, उद्योग प्रतिनिधि, शोधार्थी और विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। सम्मेलन में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय वक्ताओं के व्याख्यानों के साथ मौखिक शोध-पत्र और पोस्टर प्रस्तुतियां आयोजित की जा रही हैं।

इनमें उन्नत पॉलिमर एवं पेट्रोरसायन सामग्री, नैनो सामग्री, मिश्रित सामग्री, जैव-पॉलिमर, पुनर्चक्रण, चक्रीय अर्थव्यवस्था, अपशिष्ट प्रबंधन, ऊर्जा एवं पर्यावरणीय अनुप्रयोग, औद्योगिक सुरक्षा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे विषयों पर चर्चा हो रही है।

सम्मेलन की कार्यक्रम-सारिणी में पूर्ण सत्र, आमंत्रित व्याख्यान, तकनीकी सत्र, परिचर्चाएं, उद्योग वार्ता तथा भारत-कनाडा एवं भारत-अमेरिका संवाद सत्र शामिल हैं। पहले दिन के पूर्ण सत्रों में पद्मश्री प्रो. (डॉ.) गणपति डी. यादव, एमेरिटस प्रोफेसर ऑफ एमिनेंस एवं इंस्टीट्यूट ऑफ केमिकल टेक्नोलॉजी, मुंबई के पूर्व कुलपति तथा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की के निदेशक प्रो. (डॉ.) कमल किशोर पंत ने व्याख्यान दिए।

IIT रुड़की की डॉ. दिशा श्रीवास्तव ने टिश्यू इंजीनियरिंग (Tissue Engineering) विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। इसमें इस क्षेत्र में उभरते वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी संभावनाओं पर प्रकाश डाला गया। सम्मेलन में सतत रासायनिक उद्योग के विकास में शिक्षा जगत, उद्योग और शासन की भूमिका तथा ‘विकसित भारत 2047’ के संदर्भ में प्लास्टिक एवं पेट्रोरसायन क्षेत्र में चक्रीय अर्थव्यवस्था, नवाचार और सतत विकास जैसे विषयों पर परिचर्चाएं भी आयोजित की जा रही हैं।

यंग इंडिया हैकाथॉन में युवा प्रतिभाओं को मिलेगा नवाचार का अवसर

सम्मेलन के प्रमुख आकर्षणों में ‘यंग इंडिया हैकाथॉन’ शामिल है। इसके जरिए विद्यार्थियों और युवा प्रतिभाओं को अपनी रचनात्मक सोच, तकनीकी दक्षता और नवाचार आधारित समाधानों को प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को वास्तविक औद्योगिक एवं सामाजिक चुनौतियों के समाधान के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें अनुसंधान, तकनीकी विकास तथा उद्यमिता से जोड़ना है।

इसके अलावा छात्र नवाचार एवं पोस्टर प्रतियोगिता तथा स्कूली विद्यार्थियों के लिए जागरूकता एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। मौखिक और पोस्टर शोध प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पांच सर्वश्रेष्ठ मौखिक प्रस्तुतियों तथा पांच सर्वश्रेष्ठ पोस्टर प्रस्तुतियों के लिए सम्मानित किया जाएगा।

10 विशिष्ट व्यक्तित्वों को मिलेगा CIPET लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार–2026

सम्मेलन के प्रमुख आकर्षणों में CIPET लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार–2026 भी शामिल हैं। इनके माध्यम से उद्योग, शिक्षा, प्रशासन, CIPET के पूर्व विद्यार्थियों और संस्थान के पूर्व कर्मचारियों के उल्लेखनीय योगदान को सम्मानित किया जाएगा।

इस वर्ष उद्योग उत्कृष्टता श्रेणी में ICT मुंबई के पूर्व प्रोफेसर, रिलायंस इंडस्ट्रीज के सलाहकार एवं पॉलिमरअपडेट अकादमी के मानद चांसलर डॉ. डी. डी. काले, TTRC, लोहिया कॉर्प, कानपुर के निदेशक राजीव कुमार द्विवेदी, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष ए. एस. साहनी तथा HPCL-मित्तल एनर्जी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रभ दास को चयनित किया गया है।

शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए IIT रुड़की के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत और इंस्टीट्यूट ऑफ केमिकल टेक्नोलॉजी, मुंबई के पूर्व कुलपति एवं एमेरिटस प्रोफेसर ऑफ एमिनेंस प्रो. गणपति डी. यादव को पुरस्कार दिया जाएगा। प्रशासनिक उत्कृष्टता श्रेणी में गति शक्ति विश्वविद्यालय, वडोदरा के कुलपति प्रो. मनोज चौधरी का चयन हुआ है।

CIPET के पूर्व विद्यार्थियों में उत्कृष्टता के लिए इंडोरामा वेंचर्स लिमिटेड के ग्लोबल बिजनेस डायरेक्टर-रीसाइक्लिंग डॉ. पंकज सिन्हा और SARO समूह, चेन्नई के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक पी. मारिमुथु को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, CIPET के विशिष्ट पूर्व कर्मचारी के रूप में CIPET, लखनऊ के पूर्व उपनिदेशक डॉ. विजय कुमार को पुरस्कार के लिए चुना गया है।

उद्योग, स्टार्टअप और शैक्षणिक सहयोग को मिलेगा बढ़ावा

तकनीकी शोध प्रस्तुतियों के साथ उद्योग और शैक्षणिक जगत के बीच सहयोग मजबूत करने के लिए सम्मेलन में कई विशेष गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनमें क्रेता-विक्रेता बैठक, वैश्विक संवाद एवं विकसित भारत विषयक चर्चा, स्टार्टअप एवं नवाचार बैठक, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम सम्मेलन तथा उद्योग-शिक्षा संस्थान समन्वय मंच शामिल हैं।

इन गतिविधियों का उद्देश्य उद्योगों की आवश्यकताओं, अनुसंधान संस्थानों की विशेषज्ञता और युवा उद्यमियों के नवाचार को एक साझा मंच पर लाकर तकनीकी विकास तथा व्यावसायिक अवसरों को बढ़ावा देना है।

सम्मेलन को उद्योग जगत की प्रमुख संस्थाओं का सहयोग प्राप्त हो रहा है। प्रमुख प्रायोजकों में यूफ्लेक्स लिमिटेड, नोएडा, बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड, HPCL-मित्तल एनर्जी लिमिटेड, जुपिटर लैमिनेटर्स प्राइवेट लिमिटेड, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड तथा इंडोरामा वेंचर्स शामिल हैं।

इसके आयोजन में ऑल इंडिया प्लास्टिक्स मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (AIPMA), प्लास्टइंडिया फाउंडेशन, लोहिया कॉर्प लिमिटेड और CPMA का भी सहयोग मिल रहा है। इन संस्थाओं की सहभागिता उद्योग, अनुसंधान और शैक्षणिक जगत के बीच संवाद एवं साझेदारी को प्रोत्साहित करेगी।

30 नवंबर को होगा सम्मेलन का समापन

28 से 30 नवंबर तक चलने वाले APM–2026 में तकनीकी सत्रों, अंतरराष्ट्रीय संवाद, उद्योग वार्ताओं, शोध प्रस्तुतियों और विशेष सम्मेलनों के माध्यम से पेट्रोरसायन एवं पॉलिमर क्षेत्र की वर्तमान चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर व्यापक चर्चा होगी। सम्मेलन का समापन 30 नवंबर को समारोह के साथ होगा।

APM–2026 के आयोजन को भारत के पेट्रोरसायन एवं पॉलिमर क्षेत्र में अनुसंधान, तकनीकी नवाचार, कौशल विकास, उद्योग-अकादमिक सहयोग और पर्यावरणीय उत्तरदायित्व को नई दिशा देने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय संकल्प के अनुरूप यह सम्मेलन आत्मनिर्भर, नवाचार आधारित और सतत औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित करने के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेषज्ञों और संस्थानों को साझा मंच उपलब्ध करा रहा है।

Tags: