जयपुर की कलानेरी आर्ट गैलरी में वैकुंठ चतुर्दशी कथा पर आधारित हरि हर बैठक का संगीतमय आयोजन हुआ।

भक्ति संगीत को केवल सुनने तक सीमित रखने के बजाय उसे सामूहिक गायन और सहभागिता का अनुभव बनाने की अनूठी पहल के तहत शनिवार, 28 नवंबर को जयपुर की कलानेरी आर्ट गैलरी में ‘हरि हर बैठक’ का आयोजन किया गया। उदुक्कु म्यूजिक और सृजन द स्पार्क जयपुर की ओर से आयोजित इस संगीतमय कार्यक्रम में कहानी, भक्ति संगीत और सामूहिक भजन गायन के माध्यम से प्रतिभागियों को संगीत से जुड़ने का अलग अवसर मिला।

कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए सृजन द स्पार्क के संस्थापक एवं मुख्य संरक्षक, सेवानिवृत्त आईपीएस प्रसन्न खमेसरा ने बताया कि बैठक में भगवान विष्णु और भगवान शिव से जुड़ी वैकुंठ चतुर्दशी की पारंपरिक कथा को छोटे-छोटे प्रसंगों के रूप में प्रस्तुत किया गया। इशिता पारिख के कार्यक्रम समन्वय एवं कोरियोग्राफी में प्रत्येक प्रसंग के बाद उससे संबंधित भजन गाया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने भी गायन में भागीदारी निभाई। इससे कार्यक्रम पारंपरिक मंचीय प्रस्तुति के बजाय सामूहिक भजन जैमिंग का रूप लेता नजर आया, जिसमें श्रोता भी प्रस्तुति का हिस्सा बने।

वैकुंठ चतुर्दशी की मान्यता के अनुसार, भगवान विष्णु के चार महीने के विश्राम के दौरान भगवान शिव सृष्टि का दायित्व संभालते हैं और इस दिन पुनः उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपते हैं। भगवान विष्णु और भगवान शिव के आपसी सम्मान एवं एकत्व से जुड़ी इस पारंपरिक कथा को संगीत के माध्यम से सहज अंदाज में प्रस्तुत किया गया।

चेयरपर्सन राजेश नौलखा और अध्यक्ष सम्प्रति सिंघवी ने बताया कि ‘हरि हर बैठक’ की विशेषता यह रही कि इसमें शामिल होने के लिए संगीत का पूर्व अनुभव होना जरूरी नहीं था। प्रतिभागियों की सुविधा के लिए हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में भजनों के बोल उपलब्ध कराए गए, ताकि हर उम्र के लोग आसानी से सामूहिक गायन में शामिल हो सकें। इस आयोजन ने युवाओं, परिवारों और संगीत प्रेमियों को पारंपरिक भजनों से एक नए और सहभागी अंदाज में जुड़ने का अवसर दिया।

महासचिव राजीव सिंघवी ने बताया कि ‘हरि हर बैठक’ के जरिए आयोजकों का उद्देश्य भारतीय परंपरा और भक्ति संगीत को सहज, संवादात्मक और समकालीन अंदाज में लोगों तक पहुंचाना है। कहानी, संगीत और सामूहिक भजन गायन से सजी इस बैठक का समापन सामूहिक आरती के साथ हुआ।

Tags: