उदयपुर में ग्लोबल स्टोन टेक्नोलॉजी फोरम की तैयारियों की समीक्षा
| इटली, चीन और श्रीलंका के विशेषज्ञ आधुनिक तकनीक साझा करेंगे, साथ ही RIPS और ODOP जैसी नीतियों पर जानकारी मिलेगी और 1,000 से अधिक उद्यमी जुड़ेंगे।
दिसंबर को उदयपुर में होने वाले ग्लोबल स्टोन टेक्नोलॉजी फोरम की तैयारियों की समीक्षा बैठक।
उदयपुर में 16 और 17 दिसंबर को आयोजित होने वाला ग्लोबल स्टोन टेक्नोलॉजी फोरम (GSTF) देश के स्टोन उद्योग को वैश्विक तकनीकी नवाचारों से जोड़ने का बड़ा मंच बनेगा। इस दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय आयोजन में देश-विदेश के 1,000 से अधिक उद्यमी और तकनीकी विशेषज्ञ भाग लेंगे। आयोजन की तैयारियों को लेकर रीको (RIICO) के प्रबंध निदेशक श्री सुरेश ओला की अध्यक्षता में रीको कार्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
लघु उद्योग भारती के संयुक्त राष्ट्रीय महामंत्री श्री नरेश जी पारीक ने बैठक में आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष जीएसटीएफ में 1,000 से अधिक उद्यमियों की भागीदारी रहेगी। अंतरराष्ट्रीय मंच पर इटली, चीन और श्रीलंका सहित कई देशों के तकनीकी विशेषज्ञ शामिल होंगे। ये विशेषज्ञ स्टोन सेक्टर में हो रहे वैश्विक नवाचारों और तकनीकी विकास पर व्याख्यान देंगे। इससे भारतीय स्टोन उद्योग से जुड़े उद्यमियों को आधुनिक तकनीकों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रहे बदलावों की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
जीएसटीएफ के कन्वीनर श्री नटवरलाल जी अजमेरा ने बताया कि दो दिवसीय कार्यक्रम में विभिन्न तकनीकों के साथ RIPS, ODOP, REPC, EPM, Environment & Industry से संबंधित सरकारी नीतियों और उद्योगों को प्रोत्साहन देने वाली नई योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान इन विषयों से जुड़े पहलुओं पर उद्यमियों को जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
उदयपुर से ऑनलाइन बैठक में जुड़े श्री कपिल जी सुराणा ने जीएसटीएफ को लेकर चल रही तैयारियों का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि आयोजन के लिए अब तक 250 से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं।
समीक्षा बैठक में सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ स्टोन्स (CDOS) के वाइस चेयरमैन श्री दीपक जी अजमेरा, CDOS के CEO श्री मुकुल जी रस्तोगी, श्री मनोज जी पारीक, श्री संजय जी बगरिया, श्री प्रकाश जी पोखरना, श्री अशोक जी माथुर और श्री रवि जी शर्मा भी उपस्थित रहे।
उदयपुर में होने वाला यह दो दिवसीय ग्लोबल स्टोन टेक्नोलॉजी फोरम देश-विदेश के उद्यमियों, तकनीकी विशेषज्ञों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को एक अंतरराष्ट्रीय मंच पर जोड़ने के साथ स्टोन सेक्टर की नई तकनीकों, सरकारी नीतियों और औद्योगिक प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी साझा करने का अवसर प्रदान करेगा।