जयपुर ज्वैलरी शो 2026: 1200 से अधिक बूथ और 650 एग्जीबिटर्स होंगे शामिल
| कलर्ड जेमस्टोन्स थीम और 21 दिसंबर के ट्रेड प्रीव्यू डे के साथ 50 हजार से अधिक विजिटर्स आने की उम्मीद से शो का विस्तार हुआ है।
जयपुर में 28 नवंबर को जेजेएस एग्जीबिटर्स मीट में पदाधिकारियों ने 22–25 दिसंबर के शो की जानकारी दी।
जयपुर में आयोजित जेजेएस एग्जीबिटर्स मीट 2026 में आगामी जयपुर ज्वैलरी शो की तैयारियों और विस्तार की जानकारी साझा की गई। इस वर्ष शो में 1200 से अधिक बूथ और 650 से अधिक एग्जीबिटर्स शामिल होंगे। 22वां जयपुर ज्वैलरी शो 22 से 25 दिसंबर तक सीतापुरा स्थित नोवोटेल जयपुर कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा। इस बार शो की थीम 'कलर्ड जेमस्टोन्स' रखी गई है। आयोजन के दौरान जेजेएस के साथ 20 वर्षों से जुड़े 17 एग्जीबिटर्स को सम्मानित भी किया गया।
जयपुर, 28 नवंबर। जयपुर ज्वैलरी शो (जेजेएस) 2026 को लेकर राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में एग्जीबिटर्स मीट का आयोजन किया गया। इसमें 350 से अधिक एग्जीबिटर्स ने भाग लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ज्वैलर्स मौजूद रहे और आगामी ज्वैलरी शो को लेकर उत्साह दिखाई दिया।
जेजेएस के चेयरमैन राजीव जैन ने विस्तृत पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से आगामी शो का लेआउट प्रस्तुत किया। उन्होंने एग्जीबिटर्स और विजिटर्स को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष जेजेएस का उद्घाटन राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे।
राजीव जैन ने जेजेएस की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि 67 बूथों से शुरू हुआ यह आयोजन आज 1200 से अधिक बूथों तक पहुंच गया है। यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। इस वर्ष शो में 650 से अधिक एग्जीबिटर्स हिस्सा लेंगे, जबकि पिंक क्लब में बी2बी इंटरेक्शन के लिए 74 बूथ निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 350 से अधिक एग्जीबिटर्स प्रतीक्षा सूची में हैं।
इस बार 21 दिसंबर को ट्रेड विजिटर्स के लिए विशेष एक्सक्लूसिव प्रीव्यू डे भी आयोजित किया जाएगा। इसे शो में नई पहल के रूप में शामिल किया गया है। इसके अलावा 1,000 होस्टेड बायर्स नाइट भी शो के लिए रिजर्व कर दी गई है। जयपुर ज्वैलरी डिजाइन फेस्टिवल (जेजेडीएफ) के तहत 67 बूथ लगाए जाएंगे।
जैन ने बताया कि ज्वैलर्स को जेजेएस के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न शहरों में रोड शो भी आयोजित किए गए हैं। प्रेजेंटेशन के बाद उन्होंने एग्जीबिटर्स की ओर से पूछे गए सवालों के जवाब दिए और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम में जेजेएस के मानद सचिव कमल कोठारी ने कहा कि जेजेएस की निरंतर सफलता सभी एग्जीबिटर्स, विजिटर्स, विक्रेताओं और आयोजन समिति के सामूहिक सहयोग एवं प्रयासों का परिणाम है। इसी सहयोग के चलते यह आयोजन हर वर्ष 'बिगर एंड बेटर' होता जा रहा है।
इस अवसर पर जेजेएस के साथ 20 वर्षों से जुड़े 17 एग्जीबिटर्स को मंच पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जेजेएस पैट्रन विमल चंद सुराणा भी उपस्थित रहे।
जेजेएस के प्रवक्ता एवं ज्वाइंट सेक्रेटरी अजय काला ने कार्यक्रम का संचालन किया। उन्होंने जेजेएस की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्थापक चेयरमैन के विजन के अनुरूप जेजेएस की टीम काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जेजेएस ब्रांड की लोकप्रियता में रिपीट एग्जीबिटर्स की बड़ी संख्या व्यापारिक दृष्टि से फायदेमंद है। देशभर के ज्वैलर्स और ग्राहक दिसंबर में होने वाले शो का इंतजार कर रहे हैं।
अजय काला ने बताया कि देश के सबसे बड़े बी2बी और बी2सी ज्वैलरी शो में शामिल जेजेएस में इस वर्ष 50,000 से अधिक विजिटर्स के पहुंचने की उम्मीद है। 22 से 25 दिसंबर तक आयोजित होने वाला यह चार दिवसीय आयोजन बूथों की संख्या, एग्जीबिटर्स की भागीदारी और व्यापारिक गतिविधियों के लिहाज से इस वर्ष भी बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा।