आगामी नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न कराने की तैयारी के तहत जयपुर में मतदाता सूचियों के गहन सत्यापन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी, जयपुर ने वरिष्ठ अधिकारियों को विभिन्न क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपते हुए व्यापक जांच के निर्देश जारी किए हैं।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीणा ने बताया कि नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के लिए मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 22 अप्रैल, 2026 एवं 08 मई, 2026 को किया जा चुका है। अंतिम प्रकाशन के बाद से नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि तक निरंतर अद्यतन की प्रक्रिया के तहत मतदाता सूचियों में नाम जोड़ने, हटाने तथा संशोधन का कार्य लगातार जारी है।

उन्होंने बताया कि आगामी चुनाव के लिए पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी, जयपुर द्वारा उच्च अधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्र आवंटित किए गए हैं। संबंधित अधिकारी अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में मतदाता सूचियों का गहन सत्यापन करेंगे तथा आवश्यक सुधार सुनिश्चित करेंगे।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीणा ने कहा कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूचियों को अधिकतम स्तर तक शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि आगामी नगरीय निकाय चुनाव के दौरान मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और पूरी निर्वाचन प्रक्रिया सुचारु, पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।

Tags: