नई दिल्ली दौरे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अमित शाह, मनसुख मांडविया और राममोहन नायडू से की अहम मुलाकात
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नई दिल्ली दौरे में अमित शाह, डॉ. मनसुख मांडविया और किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात कर राजस्थान के विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को नई दिल्ली दौरे के दौरान केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राजस्थान के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में डबल इंजन की सरकार की ओर से संचालित योजनाओं और विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री का यमुना जल समझौते के लिए आभार भी व्यक्त किया।
बैठक के दौरान राजस्थान में सहकारिता क्षेत्र के सशक्तीकरण, सीमावर्ती क्षेत्रों के समग्र विकास तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इसके बाद केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, युवाओं के लिए कौशल विकास को प्रोत्साहित करने तथा रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने से संबंधित विषयों पर चर्चा हुई।
नई दिल्ली दौरे के क्रम में मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से भी शिष्टाचार भेंट की। बैठक के दौरान राजस्थान में एयर कनेक्टिविटी के विस्तार तथा प्रदेश के प्रमुख शहरों को अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय हवाई नेटवर्क से जोड़ने से संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्यमंत्री का यह दौरा राजस्थान के विकास, जनकल्याण, खेल, कौशल विकास, रोजगार और हवाई संपर्क से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर केन्द्र सरकार के साथ समन्वय को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।