तस्वीर में जयपुर की एक सड़क पर नगर निगम की टीम और स्थानीय लोग ट्रक में ठेले और सामान लादते हुए दिखाई दे रहे हैं।

जयपुर नगर निगम की सतर्कता शाखा ने गुरुवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक कार्रवाई करते हुए 10 हजार 500 रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया और 8 केन्टर सामान जब्त कर गोदाम भिजवा दिया। यह कार्रवाई नगर निगम जयपुर आयुक्त श्री ओम कसेरा के निर्देशानुसार तथा पूर्व में प्राप्त शिकायतों के आधार पर उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में की गई।

नगर निगम जयपुर के अनुसार सतर्कता शाखा की टीम ने नगर निगम क्षेत्राधिकार में सांगानेर थाना से एयरपोर्ट टर्मिनल-2, स्टेट हैंगर रोड, जवाहर सर्किल, डब्ल्यूटीपी के सामने, एसएमएस गेट नंबर 2, 3, 6 एवं 7 के सामने, ट्रॉमा सेंटर के बाहर, बांगड़, चरक भवन, जेके लोन, द्वारकापुरी अपार्टमेंट के सामने, केडिया प्लेस बैनाड़ रोड, परशुराम सर्किल तथा भैरोंसिंहजी की समाधि स्थल सहित विभिन्न स्थानों पर अस्थाई अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की।

उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि अभियान के दौरान चिन्हित स्थानों से अस्थाई अतिक्रमण हटवाया गया। कार्रवाई के दौरान 8 केन्टर सामान जब्त कर निगम के गोदाम में भिजवाया गया, जबकि मौके पर ही अस्थाई अतिक्रमण करने वालों से 10 हजार 500 रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया गया।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सतर्कता टीम ने मौके पर लोगों को समझाइश भी दी और मौखिक रूप से पाबंद किया कि भविष्य में अस्थाई अतिक्रमण समय रहते स्वयं हटा लें। अन्यथा नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भारी चालान सहित प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि पूर्व में प्राप्त शिकायतों के आधार पर इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Tags: