तस्वीर में राज्यसभा सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ एक कार्यालय में बैठे हुए नजर आ रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने राज्यसभा में खेलो भारत नीति-2025 को लेकर महत्वपूर्ण प्रश्न उठाया। इसके उत्तर में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश में विश्वस्तरीय खेल पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इस नीति का उद्देश्य जमीनी स्तर से खेल प्रतिभाओं की पहचान करना, आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित करना, खेल विज्ञान को बढ़ावा देना, उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराना तथा खिलाड़ियों के समग्र विकास को सुनिश्चित करना है।

डॉ. मनसुख मांडविया ने बताया कि देशभर में 1,066 खेलो इंडिया केंद्रों के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। साथ ही प्रत्येक खेलो इंडिया एथलीट को प्रशिक्षण, खेल विज्ञान और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए प्रतिवर्ष ₹6.28 लाख तक की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि खेल क्षेत्र में निजी भागीदारी को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि भारत वर्ष 2036 ओलंपिक की तैयारियों को और अधिक सशक्त बना सके।

राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने कहा कि खेलो भारत नीति-2025 राजस्थान के खिलाड़ियों के लिए नए अवसर लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक प्रशिक्षण, खेल विज्ञान, पोषण, चिकित्सा सहायता और बेहतर खेल सुविधाओं के माध्यम से प्रदेश के युवा ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और राजस्थान का गौरव बढ़ाएंगे।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की खेलो भारत नीति केवल पदक जीतने की रणनीति नहीं है, बल्कि युवाओं में फिटनेस, अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने वाला राष्ट्रीय अभियान है। उनके अनुसार, यह नीति राजस्थान में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा और नई दिशा प्रदान करेगी।

Tags: