सिरोही जिले के वालोरिया में मक्का और सौंफ की फसल की आड़ में की जा रही गांजे की अवैध खेती पर रोहिड़ा थाना पुलिस की टीम कार्रवाई करते हुए।   

जयपुर, 17 अक्टूबर। सिरोही जिला पुलिस ने अपराध और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। गुजरात के राजकोट शहर में हत्या कर करीब 1.55 करोड़ रुपये का सोना-चांदी लूटने की वारदात के बाद फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में सिरोही पुलिस ने गुजरात पुलिस की मदद की। वहीं, जिले में मक्का और सौंफ की फसल की आड़ में की जा रही गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश कर 2,950.84 किलोग्राम गांजे के हरे पौधे जब्त किए गए। एक अन्य कार्रवाई में 897 ग्राम अफीम दूध बरामद कर तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार किया गया और परिवहन में इस्तेमाल थार वाहन जब्त किया गया।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजेय सिंह राठौड़ के निर्देशन में की गई इन कार्रवाइयों में नाकाबंदी, मुखबिर तंत्र और दूसरे जिलों की पुलिस के साथ समन्वय की अहम भूमिका रही।

गुजरात के राजकोट स्थित आजी जीआईडीसी क्षेत्र में सोना-चांदी के आभूषण बनाने वाली फर्म तन्वी एक्सपोर्ट इंडिया लिमिटेड के कर्मचारी लालजीभाई सरधारा 14 अक्टूबर 2026 की शाम रिफाइनरी से रिफाइंड सोना-चांदी लेकर बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उनसे थैला लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर एक आरोपी ने फायरिंग कर दी, जिससे लालजीभाई गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। वारदात के बाद आरोपी करीब 1.55 करोड़ रुपये मूल्य का सोना-चांदी लूटकर कार से फरार हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष सिरोही से सूचना मिलने पर जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजेय सिंह राठौड़ और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार के निर्देशन में कार्रवाई शुरू की गई। वृताधिकारी पिण्डवाड़ा राहुल कुमार मीणा के नेतृत्व में पिण्डवाड़ा थाना पुलिस ने जनापुर चौराहे पर नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध टाटा टिगोर कार को रुकवाकर उसमें सवार विशाल सिंह, शिवम गुप्ता और अनुराग सिंह को दस्तयाब किया गया। कार से फरार हुए अश्विनी सिंह उर्फ लंकेश को भी झाड़ोली बाईपास पर एक निजी बस से दस्तयाब कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर उदयपुर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस थाना सुखेर, उदयपुर की टीम ने दूसरी कार में जा रहे शिवम पाण्डे उर्फ आसु चतुर्वेदी और अजीत पाण्डे उर्फ लालू को दस्तयाब कर लूटा गया सोना-चांदी बरामद किया। आरोपियों से मिली जानकारी के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल हथियार गुजरात के चोटिला माता मंदिर के पास स्थित एक गेस्ट हाउस में ठहरे अन्य साथियों के पास होने की सूचना गुजरात क्राइम ब्रांच को भी दी गई। इस तरह सिरोही पुलिस ने फरार आरोपियों की धरपकड़ में गुजरात पुलिस को महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

पुलिस के अनुसार, बरामद संपत्ति में करीब 946 ग्राम रिफाइंड सोने की सिल्लियां शामिल हैं, जिनकी कीमत लगभग 1 करोड़ 48 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा करीब 2.870 किलोग्राम चांदी का पाउडर बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 6 लाख 17 हजार रुपये है। बरामद सोने और चांदी का कुल मूल्य लगभग 1 करोड़ 55 लाख 7 हजार रुपये है।

दूसरी कार्रवाई में सिरोही पुलिस ने रोहिड़ा थाना क्षेत्र के वालोरिया स्थित पगारा फली में मक्का और सौंफ की फसल की आड़ में की जा रही गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश किया। नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग खेतों में कार्रवाई कर कुल 2,950.84 किलोग्राम वजन के गांजे के हरे पौधे जब्त किए गए। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत पांच प्रकरण दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजेय सिंह राठौड़ के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार और वृताधिकारी पिण्डवाड़ा राहुल मीणा के निकट सुपरविजन में की गई। रोहिड़ा थानाधिकारी ओमकरण के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई शुरू हुई। अलग-अलग खेतों और खातेदारों से संबंधित होने के कारण पिण्डवाड़ा, स्वरूपगंज और आबूरोड सदर थाना पुलिस की टीमों ने भी इसमें भाग लिया। गिरफ्तार आरोपियों से गांजे की खेती के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

तीसरी कार्रवाई में पिण्डवाड़ा थाना पुलिस ने मोरस हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान सूचना के आधार पर एक आरोपी को दस्तयाब किया। उसके पास थैली सहित 897 ग्राम अफीम दूध बरामद किया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ के परिवहन में इस्तेमाल थार वाहन भी जब्त कर लिया।

16 अक्टूबर को उपनिरीक्षक लादुसिंह, सहायक उपनिरीक्षक नारायणलाल और डीएसटी टीम ने कार्रवाई करते हुए लोकेन्द्र सिंह निवासी हरषाणी, थाना गिराब, जिला बाड़मेर को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उदयपुर से थार वाहन में अफीम दूध लेकर आ रहा था। रास्ते में पुलिस का संदेह होने पर वाहन भगाने के दौरान गाड़ी अनियंत्रित हो गई और उसके दो टायर पंचर हो गए। इसके बाद वह वाहन को झाड़ियों में छोड़कर अफीम दूध लेकर पहाड़ी की तरफ चला गया।

पुलिस ने थार वाहन जब्त कर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में अनुसंधान जारी है।

सिरोही जिला पुलिस की इन तीन कार्रवाइयों में राजकोट की हत्या और लूट की वारदात के बाद फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में गुजरात पुलिस को सहयोग मिला। साथ ही जिले में अवैध गांजा खेती और अफीम दूध की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस अब मादक पदार्थों के स्रोत, खेती से जुड़े लोगों और तस्करी नेटवर्क के संबंध में अनुसंधान कर रही है।

Tags: