जयपुर में पंचायती राज चुनाव 2026 की तैयारियां तेज, जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए सख्त निर्देश
जयपुर में पंचायती राज आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने समीक्षा बैठक की। अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना, मतदान केन्द्रों पर सुविधाएं और मतदान दलों की रवानगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जयपुर कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक की अध्यक्षता में पंचायती राज चुनाव 2026 की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में भाग लेते विभिन्न अधिकारी।
जयपुर में पंचायती राज आम चुनाव-2026 को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों की समीक्षा तेज कर दी है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने और चुनाव से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध एवं प्रभावी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार, 16 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट सभागार में संदेश नायक की अध्यक्षता में आगामी पंचायती राज आम चुनाव-2026 के लिए गठित विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यों और तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी प्रकोष्ठ प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना करते हुए सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध और प्रभावी ढंग से निर्वहन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। सभी प्रकोष्ठों को आपसी समन्वय, निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
मतदान केन्द्रों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को बिजली, स्वच्छ पेयजल, सफाई, शौचालय और सुरक्षा सहित आवश्यक व्यवस्थाएं पुख्ता करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही श्री भवानी निकेतन फार्मेसी कॉलेज में प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों की रवानगी से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
बैठक के दौरान मतदाता सूचियों के अद्यतन एवं पुनरीक्षण, मतदान केन्द्रों की व्यवस्थाओं, मतदान दलों के गठन एवं प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्री, ईवीएम, कानून-व्यवस्था, परिवहन और कार्मिक व्यवस्था की समीक्षा की गई। इसके अलावा मतदाता जागरूकता, सूचना प्रौद्योगिकी, नियंत्रण कक्ष तथा निर्वाचन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान प्रक्रिया में अधिक से अधिक मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए मतदाता जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया। चुनाव प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना और व्यवस्थाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना बैठक का प्रमुख विषय रहा।
बैठक में जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शुभम भैंसारे, मृणाल कुमार आईएएस, उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज सिंह मीना, अतिरिक्त जिला कलेक्टर पूर्व नरेन्द्र वर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम राजीव द्विवेदी, अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर दक्षिण युगांतर शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर चतुर्थ आशीष कुमार सहित संबंधित प्रकोष्ठ प्रभारी अधिकारी उपस्थित थे।