नई दिल्ली स्थित रेल भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव (मध्य) के साथ एशियाई खेल 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय रेलवे की महिला कबड्डी खिलाड़ी और कोच नीता मोरेश्वर दादवे।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली स्थित रेल भवन में एशियाई खेल 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की खिलाड़ियों से मुलाकात की। जापान के आइची-नागोया में आयोजित इन खेलों में भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबले में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक जीता और एशियाई खेलों में अपना खिताब बरकरार रखा।

26 सितंबर 2026 को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने ईरान को 37-34 से पराजित किया। इस जीत के साथ टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भारतीय रेलवे की महिला खिलाड़ियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के समर्पण, दृढ़ संकल्प और खेल उत्कृष्टता की सराहना करते हुए कहा कि भारत की बेटियों ने तिरंगे का मान बढ़ाया है।

भारतीय महिला कबड्डी टीम को दक्षिण मध्य रेलवे की मुख्य कोच नीता मोरेश्वर दादवे ने प्रशिक्षित किया, जबकि टीम की कप्तानी पुष्पा राणा ने की। रेल भवन में केंद्रीय मंत्री से मुलाकात करने वाले रेलवे खिलाड़ियों में दक्षिण मध्य रेलवे की मुख्य कोच नीता मोरेश्वर दादवे, दक्षिण मध्य रेलवे की रितु नेगी, उत्तरी रेलवे की पूजा, दक्षिण मध्य रेलवे की पिंकी रॉय तथा पश्चिमी रेलवे की सोनाली विष्णु शिंगेट और राज रानी शामिल थीं।

भारतीय रेलवे लंबे समय से रेलवे खेल प्रोत्साहन बोर्ड के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित और विकसित करने में योगदान दे रहा है। भारतीय रेलवे के खिलाड़ियों ने ओलंपिक खेल, विश्व चैंपियनशिप, एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेल सहित प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया है।

संस्थागत सहयोग, रोजगार और खेल के क्षेत्र में करियर बनाने के अवसरों के माध्यम से भारतीय रेलवे देश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। एशियाई खेल 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की उपलब्धि रेलवे की खेल प्रतिभाओं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के योगदान को रेखांकित करती है।

Tags: