जयपुर के मालवीय नगर स्थित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र में दवाइयों की उपलब्धता का जायजा लेते केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के अवर सचिव पंकज कुमार बंसल एवं अन्य अधिकारी।

जयपुर, 16 अक्टूबर 2026। राजस्थान में डेयरी सहकारी व्यवस्था को मजबूत करने, निष्क्रिय सहकारी समितियों को दोबारा सक्रिय करने और किसानों एवं पशुपालकों को डेयरी गतिविधियों का अधिकाधिक लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया। राजस्थान को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (आरसीडीएफ) के जयपुर स्थित मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में डेयरी गतिविधियों के विस्तार, ईआरपी व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन और सहकारी संस्थाओं की आय बढ़ाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के अवर सचिव पंकज कुमार बंसल, शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार सहकारिता डॉ. समित शर्मा, प्रमुख शासन सचिव पशुपालन विकास सीताराम भाले, आरसीडीएफ की प्रबंध निदेशक श्रीमती श्रुति भारद्वाज, आईडीओ श्रीमती सुरभि शर्मा तथा एनसीडीसी, दिल्ली के प्रतिनिधि ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।

एनसीडीसी से संबंधित विभिन्न विषयों की समीक्षा के दौरान निष्क्रिय सहकारी समितियों की संख्या कम करने और उन्हें दोबारा सक्रिय कर सहकारी गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया। इसके साथ ही डेयरी गतिविधियों का दायरा बढ़ाने, ईआरपी व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने और अभिलेखों के ऑफलाइन संधारण सहित अन्य विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में डेयरी क्षेत्र से होने वाले लाभ का आनुपातिक वितरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि किसानों एवं पशुपालकों को भी इसका समुचित लाभ मिल सके। डेयरी सहकारी व्यवस्था को अधिक लाभोन्मुखी और किसान-पशुपालक केंद्रित बनाने के उद्देश्य से आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

दुग्ध उत्पादों के विपणन एवं बिक्री का दायरा बढ़ाने के लिए खोवा की बिक्री दोबारा शुरू करने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही करने पर भी जोर दिया गया। इससे सहकारी डेयरी संस्थाओं की आय बढ़ाने के साथ उत्पादकों को बेहतर आर्थिक लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य पर चर्चा की गई। बैठक में सहकारी समितियों की सक्रियता, डेयरी कारोबार के विस्तार और लाभ के उचित वितरण को प्रभावी बनाने से जुड़े विषय प्रमुखता से उठाए गए।

बैठक के बाद भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के अवर सचिव पंकज कुमार बंसल ने जयपुर के मालवीय नगर स्थित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का दौरा किया। उन्होंने केंद्र पर अधिकाधिक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां मिल सकें।

उन्होंने प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र के माध्यम से आम नागरिकों को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराने की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। समीक्षा बैठक में डेयरी सहकारी संस्थाओं को मजबूत करने और किसानों-पशुपालकों को आर्थिक लाभ पहुंचाने के साथ जन औषधि केंद्र पर दवाइयों की उपलब्धता बेहतर बनाने से जुड़े निर्देश दिए गए।

Tags: