राजस्थान लोक सेवा आयोग की परीक्षा प्रक्रियाओं और कार्यप्रणाली को समझने के लिए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के सदस्य डॉ. ए.के. वर्मा ने गुरुवार को आरपीएससी कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आयोग की आधुनिक व्यवस्थाओं, परीक्षा परिणाम और साक्षात्कार प्रक्रिया की गतिशीलता की सराहना की।

आयोग कार्यालय पहुंचने पर यूपीपीएससी सदस्य डॉ. ए.के. वर्मा का स्वागत किया गया। आरपीएससी अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल केसरी सिंह राठौड़ और आयोग सदस्य डॉ. सुशील कुमार बिस्सु ने उन्हें साफा पहनाकर पारंपरिक रूप से स्वागत किया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए डॉ. वर्मा ने आयोग परिसर में पौधारोपण भी किया।

दौरे के दौरान डॉ. वर्मा ने आयोग के विभिन्न अनुभागों की कार्यप्रणाली के साथ परीक्षा और मूल्यांकन प्रणाली में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से ऑन-स्क्रीन मार्किंग और स्कैनिंग प्रक्रिया को बारीकी से समझा। डॉ. वर्मा ने इस प्रक्रिया की गति और सटीकता की सराहना की। उन्होंने परीक्षा, परिणाम और साक्षात्कार की गतिशीलता को भी बेहद सराहा।

इसके अलावा डॉ. वर्मा ने आयोग द्वारा हाल ही में शुरू किए गए अन्य प्रशासनिक नवाचारों की भी विस्तृत जानकारी ली। दौरे के दौरान आरपीएससी की प्रक्रियाओं और व्यवस्थाओं को समझने पर विशेष ध्यान रहा।

उल्लेखनीय है कि कुछ समय पूर्व महाराष्ट्र में आयोजित विभिन्न लोक सेवा आयोगों की स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में आरपीएससी अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल केसरी सिंह राठौड़ ने राजस्थान द्वारा अपनाई गई व्यवस्थाओं और नवाचारों का प्रस्तुतीकरण दिया था। इस बैठक में देश के कई अन्य राज्यों के प्रतिनिधियों ने राजस्थान की कार्यप्रणाली में गहरी रुचि दिखाई थी।

यूपीपीएससी सदस्य डॉ. ए.के. वर्मा का आरपीएससी दौरा इसी क्रम में महत्वपूर्ण रहा। इसके अतिरिक्त अन्य राज्यों के लोक सेवा आयोगों ने भी अध्ययन के लिए आरपीएससी से संपर्क किया है, जिससे आयोग की प्रक्रियाओं और नवाचारों में विभिन्न राज्यों की रुचि सामने आई है।

Tags: