जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने जामडोली मानसिक विमंदित गृह में बच्चों संग मनाई राखी
जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने जामडोली मानसिक विमंदित गृह में बालिकाओं से रक्षा सूत्र बंधवाकर राखी मनाई और बच्चों को मिठाई-उपहार दिए।
तस्वीर में बाएं से दाएं अधिकारी और कर्मचारी उपहार लेते-देते दिखाई दे रहे हैं, जबकि सामने मेज पर राखी की थालियां रखी हैं।
रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर गुरुवार को जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने जामडोली स्थित राजकीय मानसिक विमंदित गृह के बालिका विंग में पहुंचकर आवासरत बालक-बालिकाओं के साथ रक्षाबंधन मनाया। उन्होंने बालिकाओं से रक्षा सूत्र बंधवाया और उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने आवासरत बालक एवं बालिकाओं को मिठाई और उपहार दिए। गृह के बालक एवं बालिकाओं ने संगीत एवं नृत्य की प्रस्तुतियां भी दीं। जिला कलेक्टर ने प्रस्तुतियों के बाद बालक-बालिकाओं का हौसला बढ़ाया।
बालिका विंग की अधीक्षक विद्या चौधरी ने बताया कि जिला कलेक्टर गृह के दिव्यांग बालक-बालिकाओं से समय-समय पर स्नेह के नाते मिलते हैं। वे त्योहार और अपने परिवार की खुशियां उनके साथ साझा करने के साथ-साथ आवश्यकता अनुसार सहयोग भी प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के निदेशक मनोज शर्मा, मानसिक विमंदित गृह बालक विंग के अधीक्षक जितेंद्र कुमार सेठी सहित समस्त कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।