तस्वीर में ब्यावर के लूलवा घाटे के पास जमीन पर पड़ा एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव दिखाई दे रहा है।

ब्यावर। गुरुवार को सदर पुलिस थाना क्षेत्र के लूलवा घाटे में अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए राजकीय अमृतकौर अस्पताल के चीरघर में रखवाया है। मृतका ग्रामीण परिवेश की प्रतीत हो रही है। उसने गहरे नीले रंग का सलवार सूट पहन रखा था। उसके हाथों में कंगन और घड़ी भी मिली है।

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से अवलोकन किया और मौके से जरूरी सबूत जुटाए हैं। मृतका की पहचान के प्रयास तेज करते हुए सदर पुलिस ने जिले के सभी 15 थानों के अलावा पड़ोसी जिले के थानों में भी वायरलेस संदेश प्रसारित किया है। इसके जरिए थानों में दर्ज महिला गुमशुदगी के मामलों की पड़ताल कर मृतका की पहचान करने की अपील की गई है।

घटना की जांच के लिए अजमेर से एफएसएल टीम को भी मौके के निरीक्षण के लिए सूचित किया गया है। पुलिस शव की पहचान कराने के साथ घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।

Tags: