राजस्थान पुलिस और यूनिवर्सिटी ऑफ मैनचेस्टर के बीच ऐतिहासिक एमओयू, पुलिस कल्याण व शोध को मिलेगा वैश्विक विस्तार
राजस्थान पुलिस और यूनिवर्सिटी ऑफ मैनचेस्टर के बीच हुए ऐतिहासिक एमओयू से पुलिस कल्याण, मानसिक स्वास्थ्य, शोध और आधुनिक प्रशिक्षण को नई दिशा मिलेगी।
राजस्थान पुलिस ने पुलिस कल्याण, मानसिक स्वास्थ्य और आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राजस्थान पुलिस अकादमी (आरपीए) और यूनिवर्सिटी ऑफ मैनचेस्टर (यू.के.) के बीच एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए। पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा की मौजूदगी में समझौते पर हस्ताक्षर संपन्न हुए।
एमओयू के दौरान आरपीए की ओर से अतिरिक्त निदेशक शंकरदत्त शर्मा तथा यूनिवर्सिटी ऑफ मैनचेस्टर की ओर से प्रो. (डॉ.) विमल कुमार शर्मा ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा ने कहा, "हमारे डेटा और आपके शोध के समन्वय से पुलिसिंग, पुलिस कल्याण और प्रशिक्षण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित होंगे।"
इस समझौते के तहत मानसिक स्वास्थ्य, सामाजिक देखभाल, स्वास्थ्य विज्ञान तथा पुलिस कल्याण से जुड़े विविध विषयों पर संयुक्त शोध एवं अनुसंधान किया जाएगा। साथ ही राजस्थान पुलिस के अधिकारियों एवं कार्मिकों के लिए डिस्टेंस लर्निंग, सर्टिफिकेट कोर्स, सेमिनार, कार्यशालाओं और व्याख्यानों के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
एमओयू के अंतर्गत दोनों संस्थान संयुक्त शोध परियोजनाओं, प्रकाशनों, अकादमिक सहयोग तथा विशेषज्ञों के आदान-प्रदान को भी बढ़ावा देंगे। इसके अलावा पीएचडी सह-मार्गदर्शन, शोधार्थियों, शिक्षकों एवं शोधकर्ताओं के एक्सचेंज प्रोग्राम तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग की व्यवस्था भी समझौते में शामिल की गई है।
कार्यक्रम में यूनिवर्सिटी ऑफ मैनचेस्टर की ओर से प्रो. कैथरीन रॉबिन्सन, डॉ. एमिली बेबिंगटन एवं प्रो. (डॉ.) विमल कुमार शर्मा प्रतिनिधिमंडल के रूप में शामिल हुए। प्रारंभिक रूप से यह एमओयू यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेज के साथ सहयोग को बढ़ावा देगा तथा भविष्य में आपसी सहमति से अन्य विषयों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।
पांच वर्षों के लिए प्रभावी यह करार राजस्थान पुलिस को वैश्विक शैक्षणिक विशेषज्ञता से जोड़ते हुए पुलिस कल्याण, मानसिक स्वास्थ्य, अनुसंधान और आधुनिक प्रशिक्षण प्रणाली को नई दिशा देगा। एमओयू कार्यक्रम के दौरान एडीजी सर्वश्री वी.के. सिंह, रूपिंदर सिंह, बिपिन कुमार पाण्डेय, प्रफुल्ल कुमार सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में एडीजी ट्रेनिंग राघवेंद्र सुहासा ने आभार व्यक्त किया।