जयपुर। राजस्थान के जिला-विशिष्ट उत्पादों, पारंपरिक शिल्प और स्थानीय उद्यमिता को राष्ट्रीय बाजार मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश के 38 चयनित ओडीओपी उद्यम एवं कारीगर राष्ट्रीय स्तर के आयोजन भारत ओडीओपी संगम में भाग लेंगे। उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग (DPIIT), भारत सरकार की ओर से 7 से 11 अक्टूबर, 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी-सह-विक्रय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

देशभर के ओडीओपी उत्पादों की पहचान, बाजार पहुंच और दृश्यता को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यों एवं केन्द्रशासित प्रदेशों की 600 से अधिक इकाइयों और प्रदर्शकों की भागीदारी प्रस्तावित है। राजस्थान की भागीदारी का समन्वय उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, राजस्थान द्वारा किया जा रहा है।

आयोजन में राजस्थान के विभिन्न जिलों के 38 चयनित ओडीओपी उद्यम एवं कारीगर अपने जिला-विशिष्ट उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। इनमें रत्न एवं आभूषण, मार्बल एवं स्टोन, हस्तशिल्प एवं लकड़ी उत्पाद, वस्त्र एवं परिधान, खाद्य एवं कृषि प्रसंस्कृत उत्पाद सहित विभिन्न श्रेणियों के उत्पाद शामिल हैं।

राज्य में ओडीओपी उद्यमों के समग्र विकास, उत्पाद मूल्य संवर्धन और बाजार विस्तार को प्रोत्साहित करने के लिए राजस्थान ओडीओपी नीति-2024 लागू की गई है। नीति के अंतर्गत ओडीओपी उद्यमों के विपणन सहायता योजना में राजस्थान के भीतर और राजस्थान से बाहर आयोजित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मेलों तथा प्रदर्शनियों में भाग लेने वाले ओडीओपी एमएसएमई को सहायता का प्रावधान है।

इस योजना के तहत स्टॉल किराये का 75 प्रतिशत अथवा 50,000 रुपये से अधिकतम 2 लाख रुपये तक प्रति आयोजन की सहायता दी जाती है। इसके साथ दो प्रतिनिधियों के लिए निर्धारित यात्रा सहायता का भी प्रावधान है। राजस्थान ओडीओपी नीति-2024 के तहत विपणन सहायता के अंतर्गत अब तक लगभग 497 ओडीओपी उद्यम लाभान्वित किए जा चुके हैं।

उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की ओर से ओडीओपी उद्यमों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के लिए इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF), भारत टेक्स तथा अन्य प्रमुख मेलों और प्रदर्शनियों में भागीदारी के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में भारत ओडीओपी संगम में राजस्थान के 38 उद्यमों की भागीदारी प्रदेश के जिला-विशिष्ट उत्पादों, पारंपरिक शिल्प और स्थानीय उद्यमिता को व्यापक बाजार मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

इस राष्ट्रीय आयोजन के माध्यम से राजस्थान के चयनित ओडीओपी उद्यम अपने विशिष्ट उत्पादों को देशभर के खरीदारों और बाजार से जोड़ने के लिए प्रदर्शित करेंगे, जिससे प्रदेश की जिला-आधारित उत्पाद पहचान को व्यापक बाजार मंच मिलेगा।

Tags: