ब्यावर में ताइक्वांडो प्रतियोगिता के शुभारंभ पर मुख्य अतिथि और अन्य लोग कपोत उड़ाते हुए।

ब्यावर (प्रातःकाल संवाददाता)। सोमवार को सेंदड़ा रोड स्थित श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ में शिक्षा निदेशालय, बीकानेर की ओर से आयोजित 7 दिवसीय 70वीं राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता 17 व 19 वर्ष छात्र-छात्रा वर्ग का शुभारंभ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के विशेषाधिकारी एवं राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण और कपोत उड़ाकर किया।

समारोह की अध्यक्षता विधायक शंकर सिंह रावत ने की। नगर परिषद सभापति पुष्पा बल्दुआ, उप सभापति दीक्षांत हरचंदानी, ब्लॉगर सुरेंद्र चतुर्वेदी तथा अखिल भारतीय राजस्थान शैक्षिक महासंघ के सचिव अमरजीत सिंह राठौड़ विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों का फूलमाला पहनाकर, साफा बांधकर और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी (मा.) शंकरलाल शर्मा ने स्वागत उद्बोधन दिया।

मुख्य अतिथि राजीव दत्ता ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों को नशा मुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाई। प्रतियोगिता में 680 छात्र और 488 छात्राएं भाग ले रही हैं। इस अवसर पर दत्ता ने वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख को राजस्थान कुश्ती संघ का जिलाध्यक्ष मनोनीत करने की घोषणा की।

प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में राजस्थान के 41 जिलों की टीमों ने मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। इससे पूर्व राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ। छात्राओं ने सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति भी दी।

समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी (प्रा.) अनिल शर्मा, जवाजा, रायपुर, बदनौर और मसूदा के मुख्य प्रखंड शिक्षा अधिकारी, शारीरिक शिक्षक तथा खेल प्रभारी गोविंद लाल सैनी मौजूद रहे। प्रतियोगिता संयोजक डॉ. निवेदिता पाठक ने आभार व्यक्त किया। मंच संचालन प्रधानाचार्य गुरुशरण गोयल ने किया।

Tags: