जयपुर महापौर सुनील कोठारी ने संभाला पदभार, तालकटोरा और पौंडरिक पार्क का किया निरीक्षण
शहर की सफाई, ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और पर्यटकों के लिए तालकटोरा में नौकायन की संभावनाएं तलाशने के दिए निर्देश।
पौंडरिक पार्क में जर्जर व्यवस्था और सफाई का जायजा लेते जयपुर महापौर और अन्य अधिकारी।
जयपुर। नगर निगम जयपुर के महापौर श्री सुनील कोठारी ने पदभार ग्रहण करते ही शहर की स्वच्छता, सुंदरता और विरासत संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए सोमवार को तालकटोरा एवं पौंडरिक पार्क का निरीक्षण किया। नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी के अधिकारियों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ किए गए निरीक्षण में उन्होंने मौके पर सफाई, रखरखाव और जर्जर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक सुधार के लिए अधिकारियों को तत्काल दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान तालकटोरा एवं पौंडरिक पार्क में सफाई व्यवस्था, टूटे हुए फव्वारों, क्षतिग्रस्त चबूतरों और अन्य जर्जर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। महापौर श्री सुनील कोठारी ने टूटे फव्वारों एवं चबूतरों की मरम्मत सहित आवश्यक रखरखाव कार्य प्राथमिकता से करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख उद्यानों एवं पर्यटन स्थलों की सुंदरता केवल इनके स्वरूप से नहीं, बल्कि स्वच्छता, बेहतर रखरखाव और नागरिक सुविधाओं से भी सुनिश्चित होती है।
तालकटोरा में विशेष स्वच्छता एवं सौन्दर्यीकरण अभियान चलाने के निर्देश देते हुए महापौर ने अधिकारियों से वर्तमान व्यवस्थाओं की समीक्षा कर इसे व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने तालकटोरा में नाव संचालन की व्यवस्था की संभावनाएं तलाशने के भी निर्देश दिए, ताकि इस ऐतिहासिक स्थल को पर्यटन की दृष्टि से और अधिक आकर्षक बनाया जा सके।
महापौर ने कहा कि जयपुर अपनी समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत और विश्व प्रसिद्ध स्थापत्य के लिए जाना जाता है। शहर की ऐतिहासिक धरोहरों, उद्यानों और पर्यटन स्थलों की स्वच्छता एवं सुंदरता बनाए रखना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। नगर निगम का प्रयास रहेगा कि जयपुर आने वाले पर्यटकों और शहरवासियों को स्वच्छ, सुंदर एवं बेहतर सुविधाओं वाला वातावरण उपलब्ध हो।
इस अवसर पर सांसद (षहरी) श्रीमती मंजू शर्मा, स्थानीय पार्षद श्री सतीश शर्मा, श्रीमती रेणु खंडेलवाल एवं श्रीमती भगवती महावर सहित नगर निगम, स्मार्ट सिटी एवं संबंधित जोन के अधिकारी उपस्थित रहे।
इससे पूर्व सोमवार अलसुबह महापौर श्री सुनील कोठारी ने काले हनुमान जी मंदिर, गोविन्द देव जी मंदिर, श्री गोपीनाथ जी मंदिर एवं चांदपोल हनुमान जी मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों की स्वच्छता व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को नियमित एवं प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि स्वच्छता और सुंदरता किसी भी शहर की पहचान को नई ऊंचाई देती है। जयपुर की ऐतिहासिक पहचान, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन महत्व को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख स्थलों की स्वच्छता, सौन्दर्यीकरण एवं नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।