पुष्कर मेला 2026: विदेशी पर्यटक भी खेलेंगे पारंपरिक ग्रामीण खेल
| 17 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले पुष्कर मेले में विदेशी पर्यटक गिल्ली-डंडा और सतोलिया जैसे पारंपरिक ग्रामीण खेलों का आनंद लेंगे।
विश्व प्रसिद्ध पुष्कर मेले के दौरान राजस्थानी संस्कृति और ऊंट नृत्य का अनूठा नजारा दिखता है।
राजस्थान की धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और ग्रामीण परंपराओं का जीवंत रंग एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित करने जा रहा है। विश्व प्रसिद्ध पुष्कर मेला-2026 का आयोजन 17 से 24 नवंबर तक होगा। इस बार मेले में पारंपरिक धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ पर्यटकों को नए सहभागी अनुभव भी मिलेंगे। खास बात यह होगी कि विदेशी पर्यटक स्थानीय प्रतिभागियों के साथ राजस्थान के पारंपरिक ग्रामीण खेलों में हिस्सा लेते नजर आएंगे। वहीं, शिल्पग्राम में आयोजित होने वाला फूड एंड क्राफ्ट फेस्टिवल प्रदेश के पारंपरिक खानपान, हस्तशिल्प और स्थानीय कला को प्रदर्शित करेगा।
पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अजय शर्मा के अनुसार, इस वर्ष पुष्कर मेले में ग्रामीण खेल प्रतियोगिताएं, ऊंट एवं घोड़ा नृत्य, लोक संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और शिल्पग्राम की गतिविधियां प्रमुख आकर्षण रहेंगी। आयोजन के माध्यम से पुष्कर की पारंपरिक पहचान को बनाए रखते हुए देशी-विदेशी पर्यटकों को राजस्थान की संस्कृति, खानपान और ग्रामीण जीवन से जुड़ने के अधिक अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
पुष्कर में पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या इसकी पर्यटन महत्ता को दर्शाती है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2023 में यहां 59,951 विदेशी पर्यटक और 76.42 लाख घरेलू पर्यटक पहुंचे थे। वर्ष 2024 में विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़कर 74,726 और घरेलू पर्यटकों की संख्या 1.24 करोड़ हो गई। वर्ष 2025 में 68,327 विदेशी पर्यटकों के साथ 1.32 करोड़ से अधिक घरेलू पर्यटकों ने पुष्कर का भ्रमण किया। वहीं, वर्ष 2026 में अगस्त तक 31,459 विदेशी पर्यटकों और 70.88 लाख से अधिक घरेलू पर्यटकों का आगमन दर्ज किया गया है।
इस बार मेले में राजस्थान के पारंपरिक ग्रामीण खेलों को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन अनुभव से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा। लगड़ी टांग, सतोलिया और गिल्ली-डंडा जैसी प्रतियोगिताओं में स्थानीय प्रतिभागियों के साथ विदेशी पर्यटकों की भागीदारी प्रस्तावित है। फुटबॉल मुकाबले में भी स्थानीय प्रतिभागियों और विदेशी पर्यटकों के बीच प्रतिस्पर्धा होगी। इसके अलावा रस्साकशी, कबड्डी, वॉलीबॉल और अंतर पंचायत समिति ग्रामीण खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
मेले के उत्सवी माहौल को और आकर्षक बनाने के लिए ऊंट दौड़, ऊंट नृत्य और घोड़ा नृत्य के साथ साफा बांधने की प्रतियोगिता, मूंछ प्रतियोगिता, महिलाओं की मटका दौड़ और म्यूजिकल चेयर जैसे आयोजन भी होंगे।
शिल्पग्राम में खानपान और हस्तशिल्प की विविधता पर्यटकों को आकर्षित करेगी। संयुक्त निदेशक एवं पुष्कर मेले के नोडल अधिकारी दलीप सिंह राठौड़ के अनुसार, यहां 20 नवंबर को फूड एंड क्राफ्ट फेस्टिवल का उद्घाटन किया जाएगा। यह आयोजन 21 से 23 नवंबर तक चलेगा। इसमें राजस्थान के पारंपरिक व्यंजनों और हस्तशिल्प को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। स्थानीय शिल्पकारों और कारीगरों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए मंच उपलब्ध होगा। इससे पर्यटकों को प्रदेश की पारंपरिक पाक कला और शिल्प विरासत से परिचित होने का अवसर मिलेगा। साथ ही स्थानीय कलाकारों एवं उद्यमियों को भी अपनी प्रतिभा और उत्पादों को प्रस्तुत करने का मंच मिलेगा।
पुष्कर मेले की आध्यात्मिक पहचान को भी आयोजन में प्रमुख स्थान दिया गया है। पुष्कर सरोवर के घाटों पर महाआरती, दीपदान और अन्य धार्मिक गतिविधियां आयोजित होंगी। प्रतिदिन होने वाली महाआरती श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण रहेगी। इसके साथ राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों के लोक कलाकार संगीत और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सांस्कृतिक विविधता का प्रदर्शन करेंगे।
17 नवंबर को उद्घाटन दिवस के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके बाद विभिन्न आयोजन जारी रहेंगे। 24 नवंबर को मेगा सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभिन्न प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण और समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।
संयुक्त निदेशक अजय शर्मा के अनुसार, पुष्कर मेले की विशिष्ट पहचान धार्मिक आस्था, लोक परंपराओं और ग्रामीण जीवन के सहज स्वरूप में निहित है। बदलते समय के अनुरूप नए पर्यटन अनुभवों को शामिल करने से मेले की अंतरराष्ट्रीय पहचान और व्यापक होगी। यह आयोजन राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के साथ स्थानीय कला, शिल्प, खानपान और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण अवसर भी बनेगा।